बलिया के रेवती थाना क्षेत्र अंतर्गत गायघाट-अतरडरिया तिराहा के समीप मंगलवार शाम एक गढ्ढे में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। शव की पहचान सहतवार थाना क्षेत्र के कुशहर गांव निवासी 40 वर्षीय शिवशंकर नट पुत्र श्री नट के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि शिवशंकर बीते 11 जनवरी से अपने घर से गायब थे। इस संबंध में उनकी पत्नी रिन्कू देवी ने सहतवार थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार शाम अतरडरिया गायघाट तिराहा के समीप एक महिला भूसा सहेज रही थी, तभी उसने गढ्ढे में शव को उतराया देखा। महिला ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय लोगों और डायल 112 पुलिस को दी। थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव के संबंध में पूछताछ की। इसी दौरान मृतक के परिजनों को भी सूचना मिली और उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही है। मृतक शिवशंकर नट के पांच बच्चे हैं, जिनमें चार लड़कियां और एक लड़का शामिल है।


