संभल के गुन्नौर तहसील के बबराला थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में सोमवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने गांव से लगभग 300 मीटर दूर जंगल में एक शहतूत के पेड़ से फंदा लगाया। मृतक की पहचान राजेंद्र कुमार (28) पुत्र विजय सिंह के रूप में हुई है। वह बिना बताए घर से निकला था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि राजेंद्र पेड़ से लटका हुआ है। खेत स्वामी कर्मवीर चौधरी के भाई वीरेंद्र चौधरी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के लगभग तीन घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने बताया कि युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला संज्ञान में आया है। परिजनों ने आत्महत्या का कोई ठोस कारण नहीं बताया है। पुलिस की एक टीम मामले की जांच कर रही है।


