संभल में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने 27 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उसके पति की गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया है। यह घटना 9 मार्च को हुई थी, जब 450 गज जमीन के विवाद में दबंग पक्ष द्वारा कथित पिटाई से आहत होकर 32 वर्षीय अशोक यादव ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। यह विवाद मृतक की मां और जमीन खरीदने वाले आरोपी के बीच पैसों को लेकर चल रहा था। उक्त घटना संभल जनपद की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के नंदपुर गांव की है। सोमवार दोपहर 112 डायल पुलिस को सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिवार के सदस्यों ने अशोक यादव को फांसी के फंदे से नीचे उतार लिया था। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने गुरुवार को बताया कि मृतक की पत्नी रोनवती की शिकायत पर सात नामजद आरोपियों सहित कुल 27 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में नवाब सिंह (पुत्र हजारी सिंह, निवासी झुकेरा, वर्तमान नंदपुर), प्रमोद कुमार (पुत्र अतर सिंह, पुसावली), रामपाल (पुत्र छोटेलाल, सिमरई), धर्मेंद्र (पुत्र होती), राजपाल (पुत्र होती), चंद्रकेश (पुत्र स्वामी) और पोसाकी (पुत्र बाबू, सभी निवासी नंदपुर) शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मृतक अशोक यादव अपने पीछे पत्नी रौनवती और तीन बच्चों प्रिंस, अंशु, अंजलि को छोड़ गए हैं। उनके दो भाई धर्मवीर और अवधेश कुमार सिंह हैं। पत्नी रौनवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नवाब सिंह ने अपने साथियों के साथ घर में घुसकर उसके पति का गला दबा दिया था। उसने यह भी बताया कि मारपीट देखकर उसके जेठ धर्मवीर वहां से भाग गए थे, और घटना के समय घर में उसकी दो छोटी ननदें और बच्चे मौजूद थे। मृतक की मां कमलिया एवं गांव निवासी नवाब सिंह पुत्र हजारी के बीच 450 गज के प्लाट पर कब्जे को लेकर झगड़ा चल रहा था। वर्ष 2018 में मृतक की मां ने नवाब सिंह को प्लांट भेजा था और रुपयों के लेनदेन के बाद अब कब्जा करने पर विवाद हो रहा है। अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि नवाब सिंह ने मेरे भाई अशोक के साथ मारपीट की है। किसी से परेशान होकर मेरे भाई ने फांसी लगा ली। पुलिस ने हमारे परिवार के तीन लोगों को थाने में बिठा लिया था और यह घर पर अकेला था। इन लोगों ने इसके साथ क्या किया है इसकी हमें कोई जानकारी नहीं है।


