हरदोई के पिहानी-हरदोई मार्ग पर रविवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना गन्ना क्रेशर के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान ग्राम पुरवा हफीजुद्दीनपुर निवासी राजेश (34) के रूप में हुई है। वह अपने साथी लाखन के साथ किसी निजी कार्य से बाइक पर पिहानी आ रहे थे। जैसे ही वे पिहानी मार्ग पर स्थित गन्ना क्रेशर के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राला ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रधान अनिल राठौर मौके पर पहुंचे और तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायल लाखन की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हरदोई जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने मृतक राजेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक व्याप्त हो गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली की तलाश के लिए टीम लगा दी गई है और तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


