युवा कांग्रेस ने CM, गृहमंत्री का पुतला फूंका:पुलिस और कार्यकर्ताओं में झड़प, विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी पर झूठे केस का आरोप

जांजगीर-चांपा में युवा कांग्रेस ने जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ ‘झूठा केस’ दर्ज करने के आरोप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला के नेतृत्व में बीटीआई चौक पर हुआ। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। दरअसल, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू पर एक किसान से 42.78 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। इस संबंध में चांपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिला न्यायालय के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) ने विधायक को 22 जनवरी तक न्यायिक रिमांड पर भेजा है। युवा कांग्रेस ने BJP सरकार पर लगाए आरोप युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार कांग्रेस नेताओं को परेशान कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर मनरेगा कानूनों में बदलाव कर मजदूरों के अधिकार छीनने का भी आरोप लगाया। शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में युवा कांग्रेस, जिला कांग्रेस के साथ मिलकर इस मुद्दे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के पुतले दहन किए गए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात था, लेकिन पुलिस पुतलों को जलने से रोकने में नाकाम रही। कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, और आग बुझाने के लिए फायर स्प्रे का इस्तेमाल किया गया। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने मांग की कि विधायक बालेश्वर साहू को जेल से रिहा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *