बबीना थाना क्षेत्र के सरवा गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक पिछले कुछ दिनों से परेशान बताया जा रहा था। मृतक की पहचान सरवा गांव निवासी 38 वर्षीय रवि राजपूत पुत्र हरिराम के रूप में हुई है। रवि अपने पिता के साथ गांव में खेती-बाड़ी करता था और मजदूरी के लिए बबीना व अन्य स्थानों पर भी जाता था। ग्राम प्रधान अशोक राजपूत ने बताया कि रवि बुधवार शाम मजदूरी कर घर लौटा था। खाना खाने के बाद वह मकान की दूसरी मंजिल पर सोने चला गया। गुरुवार सुबह जब उसकी पत्नी खाना बनाने के बाद उसे जगाने पहुंची, तो रवि साड़ी के सहारे कुंड से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान अशोक राजपूत मौके पर पहुंचे। इसके बाद मोहल्ले और गांव के अन्य लोग भी वहां जमा हो गए। परिजनों ने युवक का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। ग्राम प्रधान के अनुसार, रवि पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। बहुत चौकी प्रभारी हिमांशु श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए उनके पास कोई जानकारी नहीं है।


