सुल्तानपुर में रेलवे यार्ड के टीआरडी सेक्शन के पास एक पानी की टंकी पर चढ़े युवक को नीचे उतारने का प्रयास रविवार सुबह से जारी है। युवक सुबह 10 बजे से टंकी पर चढ़ा हुआ है, जिससे हाई वोल्टेज ड्रामा चल रहा है। सूचना मिलने पर पहले जीआरपी और फिर आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने घंटों युवक को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने भी युवक से बातचीत कर उसे नीचे आने के लिए मनाया। फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने युवक से कहा, “दोस्त नीचे चलो, यहां पड़े रहने का क्या मतलब है। हम तुम्हें उतारने ही आए हैं। कोई दिक्कत हो तो बताओ, उसे हल किया जाएगा। अगर ऐसे नहीं माने तो तुम्हें उतारने के लिए ड्रोन आएगा।” युवक कभी उठता है, खड़ा होता है और फिर लेट जाता है, जिससे उसे नीचे उतारने के प्रयास विफल हो रहे हैं। निराला नगर चौकी को सूचना देने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने भी एक घंटे तक प्रयास किया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इस संबंध में जीआरपी थाना अध्यक्ष ने बताया कि युवक की भाषा समझ में नहीं आ रही है। दो चौकी की पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं है। फायर ब्रिगेड की टीम भी जब विफल रही, तो अब अयोध्या से एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया गया है।


