नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका के गुर्जर मोहल्ले में 19 फरवरी की रात हुए झगड़े के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। परिजनों की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, गुर्जर मोहल्ले में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इस दौरान 23 वर्षीय युवक जितेंद्र भारद्वाज पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। हमले में जितेंद्र के सिर पर 5 से 6 इंच गहरा घाव आया, जिस पर 6 से 7 टांके लगे। उसकी पीठ, कंधों और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आई हैं। घायल युवक का इलाज जारी घटना के बाद घायल जितेंद्र को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार मिला। हालत बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस जांच में जुटी पुलिस ने बताया कि घटना की सच्चाई जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है, जबकि पुलिस ने जांच में पूरी पारदर्शिता का आश्वासन दिया है।


