सीतापुर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भगवानपुर में चुनावी रंजिश को लेकर दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान और उनके समर्थकों पर प्रधान पद का चुनाव लड़ने का ऐलान करने वाले युवक इशहाक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित युवक इशहाक का आरोप है कि गांव के वर्तमान प्रधान नादिर, प्रधान प्रतिनिधि वहीद, सुहैब और सद्दाम ने रविवार सुबह मामूली विवाद को लेकर उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की।बताया जाता है कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी उसे जान से मारने की नीयत से दौड़ पड़े। आरोप है कि इस दौरान कार से लाइसेंसी बंदूक निकालकर जान से मारने की कोशिश भी की गई। घटना की पूरी वारदात गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। आरोप है कि फुटेज में प्रधान और उनके समर्थकों की दबंगई साफ तौर पर दिखाई देने की चर्चा है। सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है तथा ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। घटना के बाद पीड़ित इशहाक ने कोतवाली देहात थाने पहुंचकर पूरे मामले की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान नादिर, प्रधान प्रतिनिधि वहीद समेत सद्दाम और सुहैब आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। कोतवाली देहात पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि चुनावी माहौल में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।


