जींद सीआईए स्टाफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को दो अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को अमरहेड़ी बाईपास के पास से पकड़ा गया, जिसके कब्जे से दो देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद हुए। सीआईए स्टाफ जींद के इंचार्ज अनुप सिंह ने बताया कि उनकी टीम मुख्य सिपाही अनुप सिंह के नेतृत्व में बस अड्डा अमरहेड़ी पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक अवैध पिस्तौल लेकर जींद-नरवाना बाईपास पर अमरहेड़ी गांव की ओर जाने वाली सड़क पर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे काबू किया और नाम-पता पूछा। उसने अपना नाम निशांत उर्फ हर्ष निवासी अहिरका बताया। दो देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक .30 बोर की देसी पिस्तौल और दाईं जेब से एक .315 बोर की देसी पिस्तौल बरामद हुई। जांच में .30 बोर की मैग्जीन से दो जिंदा कारतूस और .315 बोर की मैग्जीन से एक जिंदा कारतूस मिला। आरोपी हथियारों का कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने दोनों पिस्तौल और कारतूस को सील कर कब्जे में ले लिया। आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज आरोपी के खिलाफ थाना सदर जींद में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1) B-54-59 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने ये हथियार कहां से और किस उद्देश्य से लिए थे। आगे की जांच जारी है।


