कोरबा में एक 25 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपने गले पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद वह घर से भागा और एक कुएं में जा गिरा। उसे गंभीर हालत में कोरबा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बेन्द्रकोना इलाके में हुई। परिजनों के अनुसार, रामकृष्ण नामक युवक ने सुबह अपने गले पर खुद ही चाकू चला लिया। दर्द होने पर वह घर से बाहर भागा और पास के एक कुएं में गिर गया। लोगों ने किसी तरह उसे कुएं से बाहर निकाला स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे कुएं से बाहर निकाला, लेकिन वह फिर भागने लगा। लोगों ने उसे पकड़कर कोरबा जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसका इलाज जारी है। रामकृष्ण की रिश्तेदार सती कुर्रे ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान है। उन्हें संदेह है कि रामकृष्ण को भूत-प्रेत का भय सताता है, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। अस्पताल में भर्ती रामकृष्ण ने लेटर हेड पर कुछ लिखने का प्रयास भी किया है, जिसके मायने निकाले जा रहे हैं। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच की बात कही है।


