गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार रात एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 पर एक युवक बाइक लेकर पहुंच गया, जिसे देखकर वहां मौजूद यात्री चौंक गए।
जानकारी के अनुसार रात करीब 9 बजे अहमदाबाद–गोरखपुर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर आकर रुकी थी। देखिए 2 तस्वीरें ट्रेन आने के कुछ देर बाद प्लेटफॉर्म नंबर 9 की ओर से एक युवक बाइक लेकर ओवरब्रिज के पास से होता हुआ प्लेटफॉर्म नंबर 5-6 पर पहुंचा। प्लेटफॉर्म पर बाइक चलते देख यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक किसी को लेने स्टेशन आया था। वह कुछ देर तक बाइक के साथ प्लेटफॉर्म पर ही खड़ा रहा। इसके बाद उसने पश्चिमी पुल से उतरने वाली सीढ़ियों के पास बाइक खड़ी कर दी और किसी को खोजने चला गया। कुछ समय बाद वह एक लड़की के साथ वापस आया और उसी रास्ते से बाइक लेकर प्लेटफॉर्म से निकल गया, जिस रास्ते से वह अंदर दाखिल हुआ था।
इस पूरी घटना के बाद आरपीएफ ने मामले को गंभीरता से लिया है। आरपीएफ पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दैनिक भास्कर से बातचीत में आरपीएफ थाना प्रभारी दशरथ कुमार ने बताया कि स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। फुटेज के आधार पर युवक की पहचान की जाएगी और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्टेशन डायरेक्टर ने भी इस घटना पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म पर बाइक ले जाना नियमों का उल्लंघन है और इस मामले में नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरपीएफ को निर्देश दिए गए हैं कि आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की गैरजिम्मेदार हरकत करने की हिम्मत न करे।


