उन्नाव में लोडर की टक्कर, युवक की मौत:गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में हुआ हादसा, चालक फरार

उन्नाव में लोडर की टक्कर, युवक की मौत:गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में हुआ हादसा, चालक फरार

उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जाजमऊ चौकी के महेश खेड़ा इलाके में शनिवार को एक सड़क हादसा हो गया। विजय डॉक्टर के क्लीनिक के सामने तेज रफ्तार लोडर ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मृतक की पहचान शुभांकित पाल (27) पुत्र धर्मेंद्र पाल निवासी पीपर खेड़ा गड़रियन वाला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुभांकित किसी काम से बाइक से निकले थे, तभी महेश खेड़ा के पास सामने से आ रहे लोडर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर चोटों के कारण उसने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही गंगाघाट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर अजय सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद लोडर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके। परिजनों को हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। शुभांकित अपने पीछे पत्नी और तीन साल की मासूम बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि शुभांकित मेहनती और मिलनसार स्वभाव के थे तथा परिवार के मुख्य सहारा थे। उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सामान्य कराया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *