शादी समारोह में मारपीट में घायल युवक की मौत:कप्तानगंज में एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजा

शादी समारोह में मारपीट में घायल युवक की मौत:कप्तानगंज में एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजा

कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बोदरवार गांव में शुक्रवार को एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम बोदरवार निवासी सुभाष हरिजन के पट्टीदार के यहां शादी चल रही थी। इसी दौरान गांव का महेश, पुत्र स्वर्गीय शमशेर निषाद, कथित तौर पर शराब के नशे में वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। महेश को शांत कराने के लिए उसका भाई गोविंद, पुत्र स्वर्गीय शमशेर, भी मौके पर पहुंचा। इसी बीच गोविंद और सुभाष हरिजन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस मारपीट में गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गोविंद को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से शादी का माहौल मातम में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही बोदरवार चौकी प्रभारी सन्नी जावला, थाना प्रभारी कप्तानगंज और क्षेत्राधिकारी कुंदन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पत्नी रीता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। मृतक के परिजनों के अनुसार गोविंद अपने पीछे 65 वर्षीय वृद्ध मां सुभद्रा, पत्नी रीता और तीन छोटे-छोटे बच्चों—भोला, नीरज और शिवानी—को छोड़ गया है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
इस संबंध में बोदरवार चौकी प्रभारी सन्नी जावला ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *