उन्नाव जनपद के आसीवन थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार, यह घटना मुंशीगंज मार्ग पर जखैला गांव के पास हुई। एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरा।
हादसे में बाइक सवार मनी उर्फ छोटू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी विजय गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही आसीवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विजय को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए उन्नाव स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के भाई यशवंत ने बताया कि मनी उर्फ छोटू अपने साथी विजय के साथ बाइक से जा रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायल विजय का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


