गोंडा में हाई टेंशन तार गिरने से युवक की मौत:पड़ोसियों को आगाह करते हुए गिरा, 10 साल से तार हटाने की पैरवी कर रहा था

गोंडा में हाई टेंशन तार गिरने से युवक की मौत:पड़ोसियों को आगाह करते हुए गिरा, 10 साल से तार हटाने की पैरवी कर रहा था

गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पोर्टरगंज पथवलिया गांव में हाईटेंशन बिजली तार गिरने से रंजीत तिवारी (35) की मौत हो गई। रंजीत तिवारी के घर के ऊपर से पिछले कई सालों से हाईटेंशन लाइन का तार गुजर रहा था। इस तार को हटाने के लिए रंजीत पिछले 10 सालों से बिजली विभाग से लगातार पैरवी कर रहे थे। हालांकि, विभाग द्वारा न तो तार को हटाया गया और न ही उसकी स्थिति में सुधार किया गया। शुक्रवार की सुबह तार छत के बेहद करीब आ गया था। रंजीत तिवारी पड़ोसियों को इस बारे में सूचित कर रहे थे कि तार कभी भी टूट सकता है। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। रंजित एक पत्रकार थे। मृतक रंजीत तिवारी के तीन बच्चे हैं। इस घटना के बाद उनके परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। रंजीत के भाई अमरजीत तिवारी ने नगर कोतवाल को एक तहरीर दी है। तहरीर में अवर अभियंता, उपखंड अधिकारी, अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। अमरजीत तिवारी ने इन अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। लोग इस दुखद घटना पर अपनी संवेदना जता रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *