सूअर शिकार के लिए बिछाए करंट से युवक की मौत:बैतूल में आरोपी ने ही तार लगाने बुलाया था; गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज

सूअर शिकार के लिए बिछाए करंट से युवक की मौत:बैतूल में आरोपी ने ही तार लगाने बुलाया था; गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज

बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में जंगली सूअर के शिकार के लिए खेत में बिछाए गए करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक अर्जुन कुमरे (30) को आरोपी ने ही खेत में तार बिछाने के लिए बुलाया था, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके से बिजली के तार और अन्य उपकरण जब्त कर लिए हैं। घटना 9 जनवरी को ग्राम पानबेहरा में सामने आई। यहां हिडली रोड स्थित एक खेत की मेड़ पर 30 वर्षीय अर्जुन कुमरे का शव संदिग्ध हालत में मिला था। शुरू में सिर से खून बहने के कारण हत्या की आशंका जताई गई थी। मौके पर सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी और डॉग स्क्वॉड ने मुआयना किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अर्जुन के हाथ-पैर पर करंट के प्रवेश और निकास के निशान मिले, जिससे पुष्टि हुई कि मौत करंट लगने से हुई है। साथी को बुलाया और करंट की चपेट में आ गया जांच में खुलासा हुआ कि पानबेहरा निवासी उमेश कवड़े (26) ने अपने खेत में जंगली सूअरों को पकड़ने के लिए अवैध रूप से बिजली का करंट फैलाया था। उसने मृतक अर्जुन को घर से बुलाकर खुले बिजली के तार लगाने को कहा था। इसी दौरान अर्जुन को करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी उमेश फरार हो गया था, जिसे पुलिस टीम ने दबिश देकर पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर जी.आई. तार, लोहे की खूंटियां और बांस का डंडा जब्त किया गया है। एसपी बोले- अवैध करंट फैलाना अपराध है एसपी वीरेंद्र जैन ने कहा, “खेतों में अवैध रूप से बिजली का करंट फैलाना बेहद खतरनाक और कानूनी अपराध है। ऐसी गतिविधियों से निर्दोष लोगों और पशुओं की जान जा सकती है।” उन्होंने जनता से ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। इस कार्रवाई में टीआई विजय सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक मांगीलाल ठाकरे और एएसआई संतोष चौधरी की सराहनीय भूमिका रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *