डीग-बरई रोड पर मंगलवार रात एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रेलवे फाटक के आगे पिकअप गाड़ी को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुआ। मृतक की पहचान निगोही निवासी 25 वर्षीय सचिन पुत्र मंगतू के रूप में हुई है। उसके साथ भूपेंद्र पुत्र डोरी लाल भी था। दोनों डीग से सरसों बेचकर अपने गांव निगोही लौट रहे थे। मंगलवार रात करीब 8 बजे डीग-बरई रोड स्थित रेलवे फाटक से आगे यह घटना हुई। पिकअप गाड़ी को बचाने के प्रयास में उनका ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गया। डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि सचिन की मौके पर ही मौत हो गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीग चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। घायल भूपेंद्र को प्राथमिक उपचार के लिए डीग चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सचिन के परिवार में 2 भाई हैं। उसका छोटा भाई तेजपाल अमरावती में एक निजी कंपनी में कार्यरत है, जबकि सचिन गांव निगोही में रहकर खेती-बाड़ी का काम संभालता था। घटना की सूचना मिलने पर खोह थाने के एएसआई जयसिंह डीग अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।


