उन्नाव में ट्रेन से गिरने से युवक की मौत:अजगैन क्रॉसिंग के पास हुआ हादसा, कानपुर से लौट रहा था मृतक

उन्नाव में ट्रेन से गिरने से युवक की मौत:अजगैन क्रॉसिंग के पास हुआ हादसा, कानपुर से लौट रहा था मृतक

उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र के बहुद्दीन गांव निवासी 35 वर्षीय जय शंकर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा अजगैन क्रॉसिंग के पास उस समय हुआ, जब वह कानपुर से उन्नाव लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार जय शंकर कासगंज ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। अजगैन क्रॉसिंग के पास ट्रेन से उतरते समय अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वह संतुलन खो बैठे और ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। यात्रियों द्वारा सूचना दिए जाने पर रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है, फिर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। जय शंकर अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों—एक बेटा और एक बेटी—को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है, ताकि बच्चों के भविष्य को कुछ सहारा मिल सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *