जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बुधवार रात गांव बल्लां के पास एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बिहार निवासी दिनेश कुमार (पुत्र लालू) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में किशनगढ़ के एक पीजी में रह रहा था। यह हादसा उस समय हुआ जब दिनेश काम से लौटकर सड़क पार कर रहा था। पठानकोट की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार टक्कर मारने के बाद रुकी नहीं। सड़क सुरक्षा फोर्स परिवार को दी सूचना
घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम सक्रिय हुई। एएसआई रणजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव की पहचान कर मृतक के परिजनों को सूचित किया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और रिश्तेदार हाईवे पर जमा हो गए। नाराज लोगों ने हाईवे पर धरना दे दिया, जिससे लगभग 2 घंटे तक यातायात ठप रहा।
थाना मकसूदां के एसएचओ ने दिया कार्रवाई का भरोसा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत थाना मकसूदां के SHO गुरप्रीत सिंह को सूचित किया गया। कुछ ही देर में थाना मकसूदां और थाना करतारपुर की पुलिस टीमें भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर माहौल को शांत करवाया और धरना खत्म करवाकर जाम खुलवाया।


