दतिया में खेत पर करंट से युवक की मौत:इंदरगढ़ में जाम के कारण अस्पताल पहुंचने में देरी से तोड़ा दम

दतिया जिले के थरेट थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़ी रावत में खेत पर पानी लगाते समय करंट लगने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजन घायल युवक को खटिया पर लिटाकर ट्रैक्टर से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन इंदरगढ़ के मुख्य बाजार में लगे जाम के कारण उसे समय पर उपचार नहीं मिल सका और उसने दम तोड़ दिया। ग्राम पहाड़ी रावत निवासी प्रेम नारायण पुत्र पातीराम (30) सोमवार दोपहर करीब 2 बजे अपने खेत पर मोटर पंप चलाकर पानी दे रहा था। इसी दौरान उसे तेज करंट लग गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह करंट हटाया। परिजन उसे तत्काल ट्रैक्टर में खटिया पर लिटाकर इंदरगढ़ अस्पताल के लिए रवाना हुए। हालांकि, बावरी सरकार मंदिर के पास मुख्य बाजार में भारी जाम लग जाने से वाहन आगे नहीं बढ़ सका। मजबूरी में परिजन और ग्रामीण करीब एक किलोमीटर तक युवक को खटिया पर उठाकर अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चाचा बोले- देर न होती तो बच जाती जान
मृतक के चाचा वृंदावन ने बताया कि जाम में करीब आधा घंटा लग गया। अगर समय पर अस्पताल पहुंच जाते तो शायद उसकी जान बच सकती थी। ग्राम पहाड़ी निवासी रातिप खान ने भी जाम के कारण इलाज में देरी की पुष्टि की। घटना की सूचना थरेट पुलिस को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में रखवाया है। इधर, स्थानीय लोगों ने नगर में आए दिन लगने वाले जाम पर नाराजगी जताई है। बताया गया कि शीतला माता मंदिर के पास सीसी रोड निर्माण कार्य चलने के कारण सुबह से ही मुख्य बाजार में जाम की स्थिति बनी हुई थी। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य रात में कराया जाता तो इस तरह की स्थिति से बचा जा सकता था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *