गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के गहनी गांव में गुरुवार दोपहर एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। दीपक सिंह (40 वर्ष) नामक यह व्यक्ति अपने घर की बिजली ठीक कर रहे थे, तभी उन्हें करंट लग गया। परिजनों ने बताया कि दीपक घर की बिजली व्यवस्था सुधार रहे थे। करंट लगने के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत सैदपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी के दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय रेफर कर दिया। वाराणसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने दीपक सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक का माहौल छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक दीपक सिंह अपने पीछे मां शांति देवी, पत्नी प्रतिभा सिंह, दो पुत्र माखन और रौनक, तथा भाई संजय सिंह को छोड़ गए हैं। वह अपने दो भाइयों में सबसे छोटे थे।


