एटा में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:अलीगंज से लौटते समय परौली पर हुआ हादसा, आगरा इलाज के लिए ले जाते वक्त तोड़ा दम

एटा के थाना जैथरा क्षेत्र में शनिवार रात 11 बजे एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अलीगंज से अपने गांव नगला कमले लौट रहा था, तभी परौली पर अमृतपुर पुलिया के पास यह हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल युवक को आगरा ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान नगला कमले निवासी 31 वर्षीय कुलदीप पुत्र ओम रामशरण के रूप में हुई है। कुलदीप अलीगंज में बाइक एजेंसी से मोटरसाइकिल के कागजात लेने गया था। वापसी के दौरान ही अज्ञात वाहन ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तत्काल डायल 108 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने उसे जैथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर एटा रेफर कर दिया। एटा मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने कुलदीप को आगरा रेफर किया। हालांकि, आगरा पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक के भाई सुबोध यादव ने बताया कि कुलदीप अलीगंज बाइक एजेंसी पर मोटरसाइकिल के कागज लेने गए थे। वापसी में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। एटा अस्पताल से आगरा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आते ही तत्काल पुलिस को मौके पर भेजा गया। घायल युवक को एटा रेफर कराया गया था। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *