बदायूं में शुक्रवार सुबह एक ट्रैक्टर एजेंसी पर ट्रक से नए ट्रैक्टर उतारते समय हादसा हो गया। इस दौरान ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की दबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना कोतवाली सहसवान क्षेत्र के कस्बा सहसवान में हुई। मृतक की पहचान गांव अल्लीपुर टप्पा निवासी 19 वर्षीय रामसेवक पुत्र नौबत सिंह के रूप में हुई है। रामसेवक इसी ट्रैक्टर एजेंसी पर काम करता था। शुक्रवार सुबह कंपनी से नए ट्रैक्टरों का एक ट्रक एजेंसी पर आया था। रामसेवक इन ट्रैक्टरों को ट्रक से नीचे उतार रहा था, तभी अचानक एक ट्रैक्टर पलट गया और वह उसके नीचे दब गया। एजेंसी स्टाफ ने किसी तरह ट्रैक्टर को सीधा कर रामसेवक को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।


