धार जिले में अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मैगजीन लगी देसी पिस्टल और बिना नंबर की टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक जब्त की है। मामले का खुलासा शुक्रवार को कोतवाली पुलिस द्वारा किया गया। कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध देशी पिस्टल बेचने की नीयत से भक्ताम्बर मार्ग स्थित सगुन गार्डन के सामने टीवीएस कंपनी की स्पोर्ट्स बाइक लेकर खड़ा है। सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने तत्काल एक पुलिस टीम गठित की और बताए गए स्थान पर दबिश देने के निर्देश दिए। पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक पर खड़ा युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम किशोर पिता पोपडिया चंदाना, उम्र 26 वर्ष, जाति भील, निवासी मेमन्दिया सलकनपुर, थाना नालछा बताया। तलाशी में देशी पिस्टल और बाइक बरामद
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के पास से मैगजीन लगी एक अवैध देसी पिस्टल, बिना नंबर की टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक, बरामद की गई। जब्त हथियार और बाइक की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है। अवैध हथियार रखने का केस दर्ज
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अवैध हथियार रखने का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी हथियार कहां से लाया था और इसे किसे बेचने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


