शाजापुर जिला अस्पताल में फेनीरामाइन इंजेक्शन चोरी की घटनाएं लगातार जारी हैं। बुधवार शाम एक युवक को इंजेक्शन चुराते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। यह 12 दिनों में दूसरी और अब तक कुल चौथी घटना है। घटना का वीडियो गुरुवार को सामने आया है। बुधवार शाम करीब 5 सें 6 बजे के बीच जलज मालवीय नामक युवक जिला अस्पताल पहुंचा और इलाज में इस्तेमाल होने वाला फेनीरामाइन इंजेक्शन चुराने का प्रयास किया। डॉक्टर ने इंजेक्शन लेकर युवक पकड़ा इंजेक्शन लेकर जाते समय ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान युवक और सुरक्षाकर्मियों के बीच हल्की नोंकझोंक भी हुई। मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने युवक से इंजेक्शन छुड़वाया। यह तीसरी बार है जब जलज मालवीय का नाम इंजेक्शन चोरी के मामलों में सामने आया है। इससे पहले भी वह इंजेक्शन चुराते हुए कैमरे में कैद हो चुका है। पूर्व में पकड़े गए एक अन्य युवक रूद्र मालवीय ने भी पूछताछ में जलज का नाम लिया था। इसके अलावा 31 जनवरी को दीपक यादव नामक एक युवक भी इसी तरह की चोरी में पकड़ा गया था। अस्पताल में निगरानी व्यवस्था पर सवाल इन लगातार हो रही घटनाओं से अस्पताल की दवा सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि बार-बार ऐसी वारदातें होने के बावजूद फेनीरामाइन इंजेक्शन अभी भी खुले में रखे जा रहे हैं। आरएमओ डॉ. गोविंद पाटीदार ने बताया कि इस मामले में थाने में आवेदन दिया जा रहा है।


