बांसी कोतवाली क्षेत्र के आजाद चौक के पास सोमवार रात मामूली विवाद को लेकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, पठनपूरवा गांव निवासी टेंपो चालक अफजल पुत्र कुर्बान सोमवार रात बांसी से अपने घर लौट रहा था। आजाद चौक के पास रामगढ़ के कुछ युवकों से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते कई युवकों ने अफजल को घेर लिया और घूंसे-मुक्कों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई लोग मिलकर एक युवक को पीट रहे हैं।इस हमले में अफजल को चोटें आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसी ले जाया गया। वहां उसका उपचार जारी है। देखें 3 तस्वीरें… घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले एक युवक को हिरासत में ले लिया है। वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। क्षेत्राधिकारी बांसी ने बताया कि मामले को संज्ञान में लिया गया है और जांच जारी है। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी कर रही है।


