नई सड़क में वर्चस्व को लेकर आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर अपने विरोधी को पीटकर लहूलुहान कर दिया। घटना के दौरान पीड़ित अपनी पत्नी के साथ बाजार से खरीददारी करके लौट रहा था। चीख-पुकार सुनकर पास ही सद्भावना चौकी में मौजूद पुलिस कर्मियों ने आरोपियों को पकड़कर बेकनगंज पुलिस के हवाले किया। साथ ही घायल युवक को इलाज के लिए उर्सला अस्पताल भेजा। रेलबाजार निवासी सुभान रैनी रविवार रात को अपनी पत्नी के साथ बाजार से खरीददारी कर लौट रहा था। रास्ते में नई सड़क पर पुरानी रंजिश के साथ ग्वालटोली के रहने वाले मेहराज उर्फ बांटू ने साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया। आरोप है कि मेहराज ने पुरानी रंजिश में सुभान पर लाठी-डंडे से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इस दौरान सुभान की पत्नी ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर पास ही सद्भावना चौकी में मौजूद पुलिस कर्मियों ने मेहराज को धर दबोचा। जबकि उसके अन्य साथी मौके से भाग निकले। बेकनगंज थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्ष आपराधिक प्रवृत्ति के है। पुरानी रंजिश के कारण आरोपी ने मारपीट की है। फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर हत्या का प्रयास का मुकदमा दर्जकर मेहराज को जेल भेजा गया है।


