बाराबंकी में युवक से मारपीट, माथे से जबरन मिटाया तिलक:दरगाह पर चादर चढ़ाने आया था, आरोपी गिरफ्तार

बाराबंकी में युवक से मारपीट, माथे से जबरन मिटाया तिलक:दरगाह पर चादर चढ़ाने आया था, आरोपी गिरफ्तार

बाराबंकी में देवा शरीफ दरगाह के पास एक युवक के साथ मारपीट और उसके माथे से जबरन तिलक मिटाने का मामला सामने आया है। यह घटना गुरुवार की बताई जा रही है, जिसका वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। यह घटना देवा शरीफ दरगाह से करीब 70 मीटर दूर हुई। दशहराबाद निवासी हरीश शर्मा अपनी पड़ोसी मुस्लिम महिला के साथ दरगाह पर चादर चढ़ाने पहुंचे थे। पीड़ित के अनुसार, जब महिला दरगाह के अंदर गई, तब वह बाहर चने खाते हुए दरगाह की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ दुकानदारों में से एक ने उन्हें “ओए पंडित” कहकर रोका और उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें थप्पड़ मारे, फिर जबरन पकड़कर सड़क किनारे स्थित एक दुकान पर ले गया। वहां उनके माथे पर लगे तिलक को पानी डालकर धुलवा दिया गया और हाथापाई की गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टोपी पहने एक व्यक्ति युवक को पकड़कर झुकाते और उसके माथे से तिलक मिटाते हुए दिखाई दे रहा है। घटना के बाद पीड़ित हरीश शर्मा ने देवा कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मांग की है कि सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी के साथ इस तरह की घटना न हो। इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और स्थिति सामान्य बनी हुई है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने पर लगातार नजर रखे हुए है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *