भास्कर न्यूज | लुधियाना गोइंदवाल स्थित शनि गांव में आयोजित साप्ताहिक धार्मिक समागम के दौरान आध्यात्मिक गुरु शून्य प्रभु ने भक्तों को जीवन का सार समझाया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने तकनीक के विवेकपूर्ण उपयोग पर विशेष जोर दिया। शून्य प्रभु ने मार्मिक उदाहरण देते हुए कहा कि आज परिवार साथ बैठकर भी साथ नहीं होता क्योंकि हर सदस्य का ध्यान अपने मोबाइल फोन में डूबा रहता है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि बच्चे मैदानों में खेलने के बजाय स्क्रीन पर गेम खेलने के शौकीन हो गए हैं। वहीं, युवा और बुजुर्ग सोशल मीडिया के मायाजाल में मग्न हैं। शून्य प्रभु ने भक्तों से आह्वान किया कि परिवार के साथ समय बिताते समय फोन को साइलेंट मोड पर रखें। साथ ही बेहतर स्वास्थ्य और चैन की नींद के लिए सोने से कम से कम दो घंटे पहले सभी गैजेट्स बंद करने का संकल्प लें। मुख्य सेवादार कर्मजीत सिंह मान की देखरेख में आयोजित इस समागम की शुरुआत भव्य हवन-यज्ञ से हुई, जिसमें विश्व शांति की मंगल कामना के साथ आहुतियां दी गईं। विशेष आरती के पश्चात भक्तों ने शनि देव पर तेल अर्पित कर कष्ट निवारण की प्रार्थना की।


