Post Office MIS Scheme: अगर आपके पास एकमुश्त पैसा रखा है और आप उसे किसी सुरक्षित जगह इन्वेस्ट करना चाहते हैं, जहां गारंटीड रिटर्न मिले, तो पोस्ट ऑफिस की एमआईएस स्कीम में खाता खुला सकते हैं। एमआईएस यानी मंथली इनकम स्कीम एक सरकार समर्थित योजना है। इसलिए इसमें आपका निवेश पूरी तरह सुरक्षित रहता है। जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है, इस स्कीम में आपकी हर महीने कमाई होती है। दरअसल, पोस्ट ऑफिस एमआईएस में ब्याज की रकम हर महीने आपके खाते में ट्रांसफर हो जाती है। अगर आप विवाहित हैं, तो पति-पत्नी दोनों मिलकर इस स्कीम में निवेश करके अच्छी कमाई कर सकते हैं।
पोस्ट ऑफिस एमआईएस स्कीम की खास बातें
-इस स्कीम में एक बार निवेश करना होता है और फिर हर महीने ब्याज आय निवेशक के खाते में आती है।
-इस स्कीम की मैच्योरिटी अवधि 5 साल होती है। इस दौरान हर महीने आपको फिक्स रकम मिलती रहेगी।
-इस स्कीम में आपको 5 साल तक हर महीने अधिकतम 9,250 रुपये ब्याज मिल सकता है।
-मैच्योरिटी के बाद आपके द्वारा जमा की गई रकम वापस मिल जाती है।
-इस स्कीम में कोई भी भारतीय नागरिक अकाउंट खुलवा सकता है।
-पोस्ट ऑफिस एमआईएस में सिंगल और जॉइंट अकाउंट दोनों खुलवा सकते हैं।
-पोस्ट ऑफिस एमआईएस में न्यूनतम 1000 रुपये से अकाउंट खुलवाया जा सकता है।
-इस स्कीम में सिंगल अकाउंट के अंदर अधिकतम 9 लाख रुपये और जॉइंट अकाउंट में अधिकतम 15 लाख रुपये जमा कराए जा सकते हैं।
पोस्ट ऑफिस MIS पर ब्याज दर
पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम में इस समय 7.40 फीसदी ब्याज दर मिल रही है। यह सालाना ब्याज दर है। अगर खाताधारक हर महीने मिलने वाले ब्याज को क्लेम नहीं करता है, तो इस पर कोई अतिरिक्त ब्याज नहीं मिलेगा।
| विवरण | राशि |
|---|---|
| निवेश राशि | ₹13,00,000 |
| मासिक आय | ₹8,017 |
| अवधि | 5 साल (60 महीने) |
| 5 साल में कुल मासिक भुगतान | ₹4,81,020 |
| मैच्योरिटी पर मिलने वाली मूल राशि | ₹13,00,000 |
| कुल ब्याज आय (5 साल में) | ₹4,81,020 |
| कुल प्राप्त राशि (आय + मूलधन) | ₹17,81,020 |
हर महीने मिलेंगे 8000 रुपये
पति-पत्नी दोनों मिलकर पोस्ट ऑफिस की एमआईएस स्कीम में अकाउंट खुलवा सकते हैं। मान लीजिए आप दोनों जॉब करते हैं और आपने कुछ पैसे बचाकर रखे हुए हैं। आप अपनी इस सेविंग को पोस्ट ऑफिस एमआईएस में डालकर मंथली इनकम कमा सकते हैं।
अगर आप दोनों मिलकर 13 लाख रुपये इस स्कीम में डालते हैं, तो आपको 5 साल तक हर महीने 8,017 रुपये मिलेंगे। 5 साल बाद आपको निवेश राशि 13 लाख रुपये वापस मिल जाएगी। इस 5 साल की अवधि में आप कुल 4,81,020 रुपये ब्याज कमा चुके होंगे।


