Anil Kapoor Apologises To Fan: बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर एक बार फिर अपनी सादगी और विनम्रता के चलते चर्चा में आ गए हैं। इस बार वजह कोई फिल्म या बयान नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर की गई एक छोटी-सी गलती और उसे सुधारने का उनका तरीका है, जिसने फैंस का दिल जीत लिया। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
अनिल कपूर का एक पोस्ट बना वजह (Anil Kapoor Apologises To Fan)
दरअसल, अनिल कपूर ने अपनी फिल्म ‘पुकार’ की सालगिरह के मौके पर एक पोस्ट साझा की थी, लेकिन उसमें एक अहम चूक रह गई। अनिल कपूर ने सोशल मीडिया पर ‘पुकार’ के 26 साल पूरे होने का जश्न मनाते हुए फिल्म से जुड़ी यादें ताजा कीं। उन्होंने एक खास गाने का जिक्र किया, जिसे वह आज भी बार-बार सुनना पसंद करते हैं।

सिंगर्स को टैग करना भूल गए अनिल कपूर
हालांकि, इस पोस्ट में वो उस गाने को आवाज देने वाले गायकों को टैग करना भूल गए। ये बात एक फैन की नजर से नहीं बची, जिसने बेहद शालीन तरीके से अभिनेता को इस गलती की याद दिलाई। जहां कई सितारे ऐसी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं, वहीं अनिल कपूर ने बिल्कुल उल्टा रास्ता चुना।
अनिल कपूर ने फैन से मांगी माफी (Anil Kapoor Apologies To Fan)
उन्होंने तुरंत फैन को जवाब देते हुए माफी मांगी और कहा कि वो पोस्ट को दोबारा साझा करेंगे और सभी कलाकारों को पूरा श्रेय देंगे। इसके बाद अनिल कपूर ने वाकई पोस्ट को फिर से अपलोड किया और उसमें संगीतकार ए.आर. रहमान, गायक उदित नारायण और कविता कृष्णमूर्ति, गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी, साथ ही फिल्म की पूरी टीम का जिक्र किया।
माधुरी-नम्रता को भी अनिल ने किया टैग
इस नए पोस्ट में उन्होंने अपनी सह-कलाकार माधुरी दीक्षित और नम्रता शिरोडकर, निर्देशक राजकुमार संतोषी, सिनेमैटोग्राफर संतोष सिवन और निर्माता बोनी कपूर को भी टैग किया। अनिल कपूर के इस व्यवहार की सोशल मीडिया पर खूब सराहना हो रही है। फैंस का कहना है कि इतने बड़े स्टार का अपनी गलती स्वीकार करना और उसे तुरंत सुधारना काबिले-तारीफ है।
अनिल कपूर का वर्कफ्रंट (Anil Kapoor Work Front)
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनिल कपूर आने वाले समय में कई दिलचस्प प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाले हैं। वो जल्द ही हंसल मेहता की आगामी ड्रामा सीरीज ‘फैमिली बिजनेस’ में अभिनेता विजय वर्मा के साथ स्क्रीन साझा करेंगे। ये सीरीज महत्वाकांक्षा, विरासत और छल-कपट की दुनिया को दर्शाएगी। इस प्रोजेक्ट की घोषणा नेटफ्लिक्स इंडिया के एक भव्य इवेंट के दौरान की गई थी, जहां इसका पहला लुक भी सामने आया।
इसके अलावा अनिल कपूर फिल्म ‘सूबेदार’ में भी दिखाई देंगे। ये फिल्म ग्रामीण भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित है और एक पूर्व सैनिक की कहानी कहती है, जो सेना छोड़ने के बाद अपने अतीत, भावनात्मक घावों और पारिवारिक रिश्तों से जूझता है। इस फिल्म में उनकी बेटी की भूमिका अभिनेत्री राधिका मदान निभा रही हैं।


