कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:स्कॉर्पियो में दरोगा-पत्रकार ने गैंगरेप किया, सतीश महान ने भैंस का दूध दुहा; लुटेरे का निकाला जुलूस

कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:स्कॉर्पियो में दरोगा-पत्रकार ने गैंगरेप किया, सतीश महान ने भैंस का दूध दुहा; लुटेरे का निकाला जुलूस

कानपुर में 14 साल की लड़की को किडनैप कर दरोगा और पत्रकार ने गैंगरेप किया। सोमवार रात स्कॉर्पियों में किशोरी के साथ दरिंदगी हुई। करीब 2 घंटे बाद किशोरी की हालत बिगड़ी तो आरोपी उसको घर के बाहर फेंक कर भाग गए। परिजन किशोरी को चौकी ले गए तो वहां से उन्हें भगा दिया गया। फिर पुलिस अफसरों से शिकायत के बाद FIR तो हुई, लेकिन आरोपियों का नाम हटवाकर मुकदमा अज्ञात में दर्ज कर दिया। बुधवार को पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने DCP वेस्ट दिनेश चंद्र त्रिपाठी को हटाकर DCP हेड क्वार्टर से अटैच कर दिया है। सचेंडी इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को सस्पेंड कर दिया है। विक्रम सिंह पर आरोप है कि मुकदमे में उन्होंने पॉक्सो एक्ट की धाराएं नहीं लगाईं। तथ्यों में तोड़-मरोड़ किया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शुरुआत में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पीड़िता ने अपने बयान में बिठूर में तैनात दरोगा अमित कुमार मौर्या और पत्रकार शिवबरन का नाम लिया। इसके बाद दोनों को मुकदमे में नामजद किया गया। पत्रकार शिवबरन को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पढ़ें पूरी खबर… 2.) यूपी विधानसभा अध्यक्ष महाना को देख भैंस बिदकी, लोग हंसने लगे तो बोले- चुप रहो यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बुधवार को कानपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले। नरवल क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया। किसान राम सिंह यादव को भैंस का दूध दुहते देख सतीश महाना रुक गए। उन्होंने किसान से मजाकिया अंदाज में कहा- लाओ आज मैं दूध दुहता हूं। यह सुनकर सब हंसने लगे। बाल्टी लेकर सतीश महाना दूध दुहने बैठे तो भैंस बिदक गई। सतीश महाना ने उसे पुचकारा और आराम से दूध दुहा। फिर गिलास में लेकर वही दूध पीया। विधानसभा अध्यक्ष का यह अंदाज देख ग्रामीण तालियां बजाने लगे। इस दौरान उन्होंने सलेमपुर, मंगत खेड़ा, नारायणपुर और कोडर पहुंचकर ग्रामीणों से बात की। उनकी समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। पढ़ें पूरी खबर… 3.) महिला सिपाही को लूटने वाले का जुलूस निकाला, दरोगा बोले- कान पकड़, वरना मारकर गिरा देंगे कानपुर में महिला कॉन्स्टेबल से लूट करने वाले बदमाश ने बुधवार को सरेंडर कर दिया। वह डरा हुआ था कि कहीं पुलिस उसका एनकाउंटर न कर दे। पुलिस लुटेरे को उसी जगह ले गई, जहां उसने महिला कॉन्स्टेबल का पर्स लूटा था। करीब एक किमी तक उसका जुलूस निकाला। वह कान पकड़कर माफी मांगता रहा। दरोगा ने पूछा- अब दोबारा गलती करेगा? कान पकड़… नहीं तो मारकर गिरा देंगे। इस पर लुटेरा बोलता है- साहब अब ऐसा नहीं करूंगा। नहीं दिखाई पडूंगा। मैं भाग जाऊंगा। दरोगा ने पूछा- भाग जाएगा न… छोड़ देगा कानपुर? कहां भागेगा? लुटेरा रोते हुए कहता है- हां साहब कानपुर छोड़ देंगे। मुंबई भाग जाएंगे। आरोपी की पहचान बेकनगंज निवासी शयान मिर्जा के रूप में हुई है। उसने P रोड पर वारदात की थी। पढ़ें पूरी खबर… 4.) जाजमऊ में जूता बाजार में चला बुलडोजर, फुटपाथ से 25 दुकानें हटाई गईं कानपुर के जाजमऊ स्थित केडीए जूता मार्केट में बुधवार को नगर निगम ने अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान फुटपाथ पर बनी 25 दुकानों को बुलडोजर चलाकर हटाया गया, वहीं सड़क पर तख्त लगाकर बैठे दुकानदारों को भी चेतावनी देकर वहां से हटाया गया। अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। नगर निगम जोन-2 के जेई अंकित ने बताया कि यह कार्रवाई सीएम ग्रिड सड़क परियोजना के तहत की गई है। जाजमऊ के वीआईपी मार्ग (गल्ला गोदाम) से लालबंगला चौराहे तक सड़क निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पहले भी कई बार नोटिस देकर चेताया गया था, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया। बुधवार को फुटपाथ से अतिक्रमण हटाया गया है, जबकि शेष अतिक्रमणकारियों को दो दिन के भीतर खुद कब्जा हटाने का समय दिया गया है। पक्के निर्माण पर लाल निशान लगाकर चेतावनी दी गई है। पढ़ें पूरी खबर… 5.) कानपुर में मेयर-पार्षद विवाद के बाद ‘बंटी टैक्स’ गाना रिलीज कानपुर में मेयर और पार्षदों के बीच चल रहा विवाद अब सोशल मीडिया तक फैल गया है। मेयर के बेटे पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद एक गाने की ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इसे बंटी टैक्स का नाम दिया गया है। इस गाने में मेयर के बेटे बंटी पांडेय पर जमकर आरोप लगाए गए हैं। ‘बंटी टैक्स-बंटी टैक्स’ नाम से जारी हुए इस गाने में साइकिल स्टैंड के ठेके से लेकर नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर रुपए लेने तक के आरोप लगाए गए हैं। यह सभी आरोप पिछले कई दिनों से लगातार भाजपा के बागी हुए पार्षद मेयर और उनके बेटे पर लगा रहे हैं। नगर निगम में बीते दिनों हुए सदन के बाद से यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। पढ़ें पूरी खबर… 6.) कुत्ते के लिए DM से महिला गिड़गिड़ाई, बोली-मेरा बच्चा है; साहब, मोंटी वापस दिला दीजिए ‘सर! मुझे मेरा मोंटी वापस दिलवा दीजिए, वह मेरा बच्चा है। उसे हमने बहुत प्यार से पाला है। हम उसके बिना जी नहीं सकते।’ अपने पालतू कुत्ते को वापस पाने की यह फरियाद लेकर एक महिला कानपुर डीएम के जनता दर्शन में पहुंची। भावुक होकर गिड़गिड़ाने लगी। कहने लगी कि मोंटी को कुछ दिनों के लिए डॉग हाउस में रखवाया था। अब वो लोग टालमटोल कर रहे हैं। महिला की फरियाद के बाद डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह तुरंत एक्शन में आए। एक घंटे के अंदर ही पालतू डॉग को वापस दिलवा दिया। डॉग मोंटी को पाकर महिला बहुत खुश हुई। उसे प्रशासन को शुक्रिया कहा। महिला का एनिमल लव देखकर वहां मौजूद लोग मुस्कुराते रहे और तालियां बजाकर हौसला अफजाई की। पढ़ें पूरी खबर… 7.) कानपुर में बर्फीली हवा से कांपे लोग, न्यूनतम पारा 9.4 डिग्री पहुंचा कानपुर शहर में कोहरे व बर्फीली हवाओं से ठंड का कहर जारी है। सुबह ओस की बूंदों ने लोगों की कंपकपी छुड़ा दी। ठंड का आलम यह है कि घरों के भीतर रहने वालों पर भी ठंड का सितम जारी है। लोग घरों व बाहर अलाव जलाकर ठंड को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। बुधवार सुबह पिछले 24 घंटे की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूनतम पारा 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। कोहरे के चलते विजिबिलिटी कम रही, जिसके चलते सड़कों में चलने वाले वाहनों की रफ्तार थम गई। सुबह 11 बजे तक धूप न निकलने के चलते बर्फीली हवाएं सिहरन पैदा करती रहीं। हालांकि 11 बजे के बाद धूप निकली लेकिन वह भी इतनी नरम थी कि वह भी ठंड को राहत देने में बेअसर रही। शीतलहर दिन में भी चलती रही, जिससे लोगों को गलन का एहसास कराया। अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 5.7 डिग्री कम है।बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान भी 1.4 डिग्री गिरा है। पढ़ें पूरी खबर… 8.) कानपुर में 11 साल बाद पत्नी को पता चला कि उसका तलाक हो गया, थाने पहुंचा विवाद कानपुर में महिला आयोग की सदस्य पूनम दिवेदी ने सर्किट हाउस में महिलाओं की शिकायतों को सुना। महिलाओं की सुनवाई के दौरान कुल पांच शिकायतें आई, जिसमें एक वृद्ध महिला की पेंशन की शिकायत का मौके पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं एक महिला को उसके ससुराल से रात में निकाल दिया, जब महिला ने थाने में शिकायत की तो पीड़िता को पता चला साल 2014 में उसका तलाक हो चुका है। मामला थाना चौबेपुर क्षेत्र के एक गांव का है। यहां की रहने वाली एक महिला की शादी साल 2009 में पीडिता की शादी दिल्ली के कंझावला थाना क्षेत्र में हुई। जिसके बाद साल 2011 में पीडिता के एक बेटे ने जन्म लिया। पीडिता महिला का आरोप है 19 अगस्त 2025 को दिल्ली में उसको घर से बाहर निकाल दिया, जिसकी सूचना डायल 112 पर दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझा करके मामला रफा दफा कर दिया। पढ़ें पूरी खबर… 9.) गंगा में जहां डॉल्फिन मरी, वहां 7 नाले गिरते हैं, 2 घाट पर काला-बदबूदार पानी मिला कानपुर में डॉल्फिन की बॉडी 2 जनवरी को गंगा के पानी में उतराती हुई मिली। जाजमऊ पुल के नीचे डॉल्फिन की मौत के बाद 2 सवाल सबसे पहले उठे। पहला- गंगा का पानी जलीय जंतुओं के लिए सांस लेने लायक नहीं। दूसरा- नमामि गंगे अभियान के बावजूद गंगा स्वच्छ क्यों नहीं हुईं? डॉल्फिन की ऑर्गन जांच के लिए बरेली के IVRI भेजे गए हैं, ताकि मौत की सटीक वजह सामने आ सके। क्योंकि, डॉल्फिन अपनी औसत ऐज से 10 साल पहले मर गई थी। उसके शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान भी नहीं थे। वहीं, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड मान रहा है कि कानपुर में गंगा का पानी D कैटेगरी में है, जोकि पीने लायक नहीं है। 7 नाले सीधे गंगा नदी में गिर रहे हैं, कानपुर में चल रहा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट 350 एमएलडी कैपेसिटी का है, जबकि उसमें हर दिन 550 एमएलडी पानी पहुंच रहा है। क्या वाकई गंगा की स्वच्छता दिखावा है? इसकी सच्चाई जानने के लिए दैनिक भास्कर टीम कानपुर में ग्राउंड जीरो पर पहुंची। पढ़ें पूरी खबर… 10.) दो सगे भाई समेत तीन लुटेरे गिरफ्तार, चकेरी में ऑटो-बाइक से करते थे लूटपाट कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में लूटपाट करने वाले दो सगे भाइयों समेत तीन शातिर लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी ऑटो-रिक्शा और बाइक का इस्तेमाल कर राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे। बुधवार तड़के गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक ऑटो-रिक्शा भी बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान नितेश केसरवानी, दमन दिवाकर और राज गिहार उर्फ गंधा के रूप में हुई है, जिसमें नितेश और दमन सगे भाई हैं। पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों ने 1 जनवरी को रामादेवी चौराहे से घर लौट रहे प्रेम कुमार को ऑटो में बैठाकर मंगलाविहार पुलिया के पास मोबाइल और नकदी लूट ली थी। इससे पहले 29 नवंबर को उन्नाव में तैनात टैक्स कलेक्टर सर्वेश कुमार वर्मा से भी रामादेवी क्षेत्र में लूट की गई थी। इसके अलावा पटेलनगर की एमसीए छात्रा आस्था शर्मा से बाइक सवारों ने मोबाइल छीना था। कार्यवाहक थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों भाइयों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और ये अपने साथी के साथ मिलकर लगातार वारदातें कर रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *