नमस्कार, कानपुर में कल (शुक्रवार) की बड़ी खबरें… चकेरी में किराए पर रहने वाले युवक आशीष शर्मा (30) का शव बेड पर मिला। उसके गले पर निशान थे और शरीर अकड़ा था। पत्नी ने लेनदेन के विवाद में मकान मालिक पर हत्या का आरोप लगाया है। किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का यूपी ही नहीं, विदेश से भी कनेक्शन जुड़ा मिला। विदेश के मरीज भी यहां चोरी-छिपे किडनी ट्रांसप्लांट कराने आते थे। हॉस्पिटल से लेकर डॉक्टर की टीम और डोनर-रिसीवर तक सब सीक्रेट होता था। साउथ अफ्रीका की महिला अरेबिका के ट्रांसप्लांट में भी दोनों आरोपी टेक्नीशियन शामिल थे। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें…। सिलसिलेवार 10 खबरें पढ़िए-
1- किस हॉस्पिटल में किसका ट्रांसप्लांट, सब सीक्रेट, ढाई करोड़ में अफ्रीकी महिला का ऑपरेशन; किडनी गैंग विदेश तक फैला कानपुर किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का कनेक्शन सिर्फ यूपी ही नहीं, विदेश से भी जुड़ रहा है। विदेशों के मरीज भी यहां चोरी-छिपे किडनी ट्रांसप्लांट कराने आते थे। तस्करों ने दिल्ली, मुंबई, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में किडनी ट्रांसप्लांट का खेल करने के लिए हॉस्पिटल और डॉक्टरों का पैनल बना रखा है। डोनर और रिसीवर दोनों से डील फाइनल होने के बाद यह लोग देश के अलग-अलग ठिकानों पर अवैध रूप से किडनी ट्रांसप्लांट करते थे। किस हॉस्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट होगा, किस डॉक्टर की टीम करेगी, डोनर-रिसीवर कौन हैं…? यह सब सीक्रेट होता था। हर काम की जिम्मेदारी के लिए अलग-अलग व्यक्ति था। डॉक्टरों की टीम फ्लाइट से पहुंचती और चंद घंटे में किडनी ट्रांसप्लांट कर लौट जाती थी। इस मामले में 8 गिरफ्तारी हो चुकी है। पढ़ें पूरी खबर… 2- किडनी गैंग से जुड़ा शिवम महंगी शराब का शौकीन, मकान मालिक बोले- नर्स से अफेयर के चलते पत्नी को पीटता था ‘2 साल पहले शिवम हमारे मकान में किराये पर रहने आया था। 2500 रुपए पर कमरा दिया था। कुछ दिन बाद अपनी पत्नी को ले आया। शिवम अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। पत्नी कहती थी कि शिवम का नर्स से अफेयर है। कुछ दिन बाद शिवम ने पत्नी को घर से निकाल दिया। वह गीता नगर में एक मकान में काम करती और वहीं पर रहती थी। इसके बाद शिवम ने उससे तलाक ले लिया था।’ यह कहना है गीता नगर के रहने वाले गोलू यादव का। गोलू यादव के पिता नन्हें यादव लोडर चालक हैं। उनके दो मंजिला मकान में 6 किराएदार रहते हैं। इन्हीं के मकान में किडनी रैकेट से जुड़ा शिवम अग्रवाल भी रहता था। शिवम अग्रवाल ने अकेले ही कानपुर में 50 किडनियां ट्रांसप्लांट कराईं। पढ़ें पूरी खबर… 3- सर्राफ को लूटने वालों का एनकाउंटर, 2 को पैर में लगी गोली, तीसरे को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा कानपुर में सर्राफ से लूट करने वाले 3 बदमाशों को पुलिस ने 24 घंटे में एनकाउंटर में पकड़ लिया। मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों के पैर में गोली मारकर दबोच लिया, जबकि एक को दौड़ाकर अरेस्ट किया। तीनों लुटेरों ने बुधवार रात ग्वालटोली में एक सर्राफ से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से लुटेरों की पहचान करने के बाद मुठमेड़ में अरेस्ट कर लिया। शुक्रवार दोपहर को तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया। पढ़ें पूरी खबर… 4- बिजली कनेक्शन कटे तो BJP विधायक भड़के, अधिकारी से फोन पर बोले-20 मिनट में सप्लाई चालू करो कानपुर के दादानगर केस्को बिजली सब स्टेशन पर दोपहर में 6 हजार उपभोक्ताओं की बिजली कट गई। लोग सब स्टेशन पहुंच गए। भीड़ में मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि बिल जमा होने के बाद भी बिजली काट दी गई। मौके पर स्थानीय विधायक सुरेन्द्र मैथानी पहुंच गए। नाराज हुए विधायक ने अधिकारी को फोन कर तुरंत सप्लाई शुरू कराने को कहा। 20 मिनट में बिजली सप्लाई शुरू कराओ। उन्होंने अधिकारी से कहा कि निगेटिव बैलेंस होने का मैसेज भेजने के बाद ही बिजली काटी जाए। फिलहाल अभी सभी की बिजली सप्लाई शुरू करा दी जाए। पढ़ें पूरी खबर… 5- अनवरगंज में बेटी संग जा रहे युवक को ई-रिक्शा ने कुचला, मौत; चौबेपुर में डिवाइडर टकराकर बाइक सवार की जान गई अनवरगंज में दुधमुंही बेटी को गोद में लिए पैदल दूध लेने जा रहे युवक को तेज रफ्तार ई–रिक्शा चालक ने कुचल दिया। भागने की कोशिश में आरोपी ने दोबारा पैरों पर ई–रिक्शा चढ़ाया। हादसे में बेटी को भी चोटें आई। शोर सुनकर दौड़े आरोपी चालक को भीड़ ने पीटकर पुलिस को सौंपा। गंभीर हालत में नौशाद को उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, चौबेपुर में डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई। दो लोग घायल हुए हैं। मृतक की पहचान विश्वनाथ (35) के रूप में हुई है। पढ़ें पूरी खबर… 6- बुजुर्ग महिला ने गंगा में लगाई छलांग, बोली- मच्छर काटने से दाने निकलते हैं, 10 साल से परेशान हूं कानपुर के जाजमऊ स्थित गंगापुल से शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद नाविक छोटे लाल और उनके साथी ने तत्परता दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर करीब 10 मिनट के भीतर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को प्राथमिक उपचार दिलाकर अपने संरक्षण में लिया और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया। महिला की पहचान उन्नाव के सौसीन खेड़ा निवासी शांति देवी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से मच्छर काटने से होने वाले संक्रमण से परेशान हैं, जिससे उनके शरीर पर दाने निकल आते हैं। इसी समस्या से तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया। थाना प्रभारी संजय पांडेय के अनुसार, आवश्यक कार्रवाई के बाद बुजुर्ग महिला को उनके परिवार को सौंप दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर… 7- बोगस फर्म के जरिए से 37.13 करोड़ का GST घोटाला, फर्जी निकली सिंह इंटरप्राइजेज, संचालक पर FIR कानपुर के गोविंद नगर में बोगस फर्म के जरिए करीब 37.13 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले का मामला सामने आया है। राज्य कर विभाग की जांच में ‘सिंह इंटरप्राइजेज’ नाम की फर्म सिर्फ कागजों में संचालित मिली, जबकि मौके पर उसका कोई अस्तित्व नहीं पाया गया। इसके बाद विभाग ने मुरादाबाद निवासी फर्म संचालक अरविंद सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सहायक आयुक्त राज्यकर प्रभाकर कुमार चौधरी के अनुसार, फर्म का पंजीकरण 28 फरवरी को संजय नगर सीटीआई रोड के पते पर कराया गया था। जांच में सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में फर्म ने जीएसटी पोर्टल पर करीब 204 करोड़ रुपये की खरीद और 206 करोड़ रुपये की बिक्री दर्शाई, जिसके आधार पर 36.74 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया गया और 37.13 करोड़ रुपये का कर देय दिखाया गया। 13 जनवरी को टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां सिर्फ 8×10 फीट की बंद दुकान मिली, जहां कोई व्यावसायिक गतिविधि नहीं चल रही थी। जांच में फर्जी आईटीसी लेकर अन्य फर्मों को बांटने की पुष्टि हुई है। थाना प्रभारी रीकेश कुमार सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… 8- युवक की डेडबॉडी घर में ही बेड पर मिली, गले में खरोंच के निशान, पत्नी बोली- मकान मालिक ने हत्या की कानपुर के चकेरी थानाक्षेत्र में पीएसी मोड़ स्थित एक कमरे में शुक्रवार सुबह किराए पर रहने वाले युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान हमीरपुर के कालपी चौराहा नई बस्ती निवासी 30 वर्षीय आशीष शर्मा के रूप में हुई है, जो पिछले एक साल से यहां रह रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर युवक के गले पर निशान मिले और शरीर अकड़ा हुआ था, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। परिजनों के अनुसार, आशीष की पत्नी आरती ने बताया कि एक अप्रैल की शाम को उनकी आखिरी बार बात हुई थी, इसके बाद सुबह फोन बंद मिला। पड़ोसी के जरिए कमरे की जांच कराई गई तो दरवाजा बाहर से बंद मिला और अंदर बेड पर आशीष का शव पड़ा था। पत्नी ने मकान मालिक पर लेनदेन के विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर… 9- RSS के सह प्रचार प्रमुख बोले-संघ किसी का विरोधी नहीं, समाज में शिक्षा, सुरक्षा और विकास के लिए काम करता है राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (कानपुर प्रांत) की ओर से शहर के एक होटल में मीडिया संवाद कार्यक्रम रखा गया। अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख नरेन्द्र ठाकुर ने संघ के 100 साल पूरे होने और आगामी “पंच परिवर्तन” अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि संघ ने समाज सेवा के 100 साल पूरे कर लिए हैं। विजयदशमी 2025 तक देशभर में किए गए कामों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। हिंदू सम्मेलन कर और घर-घर संपर्क कर लोगों को संगठन की गतिविधियों, सेवा कामों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा- संघ किसी का विरोधी नहीं है, बल्कि समाज में शिक्षा, सुरक्षा और विकास के लिए कार्य करता है। पढ़ें पूरी खबर… 10- राष्ट्रपति भवन पहुंचे सांसद रमेश अवस्थी, परिवार के साथ द्रोपदी मुर्मू से की शिष्टाचार भेंट कानपुर से सांसद रमेश अवस्थी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सांसद अवस्थी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान कानपुर के विकास, औद्योगिक प्रगति और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई, जिसमें शहर के भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर संवाद किया गया। इस भेंट को कानपुर के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है, जहां सांसद अवस्थी ने करीब 50 लाख नागरिकों का प्रतिनिधित्व करते हुए शहर की प्राथमिकताओं को राष्ट्रीय स्तर पर रखा। उनकी सक्रिय कार्यशैली और विकास को लेकर प्रतिबद्धता से समर्थकों और आम नागरिकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि यह मुलाकात औपचारिकता से आगे बढ़कर कानपुर के समग्र विकास को दिशा देने वाला सार्थक संवाद साबित हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर…


