नमस्कार, कानपुर में कल (गुरुवार) की बड़ी खबरें… पुलिस लाइन में पुलिस वालों ने जबरदस्त होली खेली। कपड़ा फाड़ के साथ कीचड़ में लोटपोट किए। DJ की गानों पर IPS अंजिली विश्वकर्मा को पुलिसवालों ने रंग लगाया। ब्रह्म नगर चौराहा पर 25 हजार की रंगदारी नहीं देने पर गुंडों ने युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इतना ही नहीं जेब में रखे रुपए और सोने की चेन भी लूट ली। सजेती में पत्नी ने अपने देवर के साथ मिलकर पति पर हंसिए से जानलेवा हमला किया और फिर मरा समझकर भाग गई। शादी के मंडप के लिए खाली पड़े प्लॉट से मिट्टी उठाने पर दबंगों ने सिपाही के साथ मिलकर महिला और उसके दो बेटों पर जमकर लाठी-डंडे बरसाए। सांसद रमेश अवस्थी ने इंदौर की चटोरी गली की तरह खाऊ गली बनाने की बात कही है। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…। अब सिलसिलेवार 10 खबरें पढ़िए- 1. IPS अंजलि को पुलिसकर्मियों ने रंग लगाया; कानपुर पुलिस की कपड़ा फाड़ होली, बाथ टब में कूदे, डीजे पर जमकर थिरके यूपी पुलिस आज होली खेल रही है। कानपुर की पुलिस लाइन में भी होली का हुल्लड़ मचा है। यहां कपड़ा फाड़ होली खेली जा रही है। पुलिसकर्मी कीचड़ में लोटपोट हो रहे हैं। कमिश्नरेट के सभी थानों में भी होली की मस्ती की जा रही है। कानपुर की इस होली में कई आईपीएस अफसर भी मौजूद रहे। उन्होंने भी पुलिसकर्मियों ने जमकर होली खेली, इसके साथ ही पुलिस लाईन में रखे टब पुलिसकर्मियों ने एक दूसरे को उठाकर रंग में डुबोया इसके अलावा आईपीएस एडीसीपी अंजिली विश्वकर्मा ने भी महिला पुलिस कर्मियों के साथ गुलाल लगाकर होली खेली। पढ़िए पूरी खबर 2. नौबस्ता में दबंगों ने मां-बेटों को डंडों से पीटा, VIDEO; शादी के मंडप के लिए मिट्टी उठाने पर हुआ झगड़ा, चाकू और साबड़ से भी किए वार कानपुर के हनुमंत विहार में शादी के मंडप के लिए खाली पड़े प्लॉट से मिट्टी उठाना एक परिवार को महंगा पड़ गया। दबंगों ने सिपाही के साथ मिलकर महिला और उसके दो बेटों पर लाठी–डंडे से हमला कर घर में तोड़फोड़ कर दी। इतने से भी मन न भरने पर साबड़ और चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत एडीसीपी साउथ से की है। पढ़िए पूरी खबर 3. महाराजपुर में फंदे पर लटकते मिली विवाहिता, हत्या का आरोप; भाई बोला- दहेज में 11 लाख और पल्सर की डिमांड कर रहे थे ससुरालीजन महाराजपुर में नवविवाहिता का शव फंदे पर लटकता मिला। पड़ोसियों की जानकारी पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने 11 लाख कैश व पल्सर बाइक की डिमांड पूरी न करने पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान ससुरालीजनों ने मृतका के चाचा की पिटाई कर दी। महाराजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। पढ़िए पूरी खबर 4. 25 हजार नहीं देने पर गुंडों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा; होली के चलते मांग रहे थे रंगदारी, रुपए-चेन लूट का भी आरोप कानपुर बजरिया थाना क्षेत्र के ब्रह्म नगर चौराहा पर गुंडों ने होली पर 25 हजार की वसूली नहीं देने पर युवक को बेरहमी से दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इतना ही नहीं जेब में रखे रुपए और सोने की चेन भी लूट ली। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। मारपीट की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। बजरिया थाने की पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। पढ़िए पूरी खबर 5. कानपुर सांसद ने होली का तोहफा दिया:इंदौर की तर्ज पर शहर में बनेगी खाऊ गली, खाने के स्टॉल लगेंगे; 4 एकड़ में तैयार होगी कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने रंगों के मस्ती भरे त्योहार पर शहरवासियों को तोहफा दिया है। शहर में खाऊ गली बनाई जाएगी, जहां सैकड़ों प्रकार के खाने के व्यंजन मिलेंगे। इसके साथ ही कानपुर की मशहूर खान-पान की वैरायटी भी मिलेगी। जिसमें कानपुर की चाट से लेकर लड्डू का स्वाद लोग चख सकेंगे। 4 एकड़ में 20 करोड़ की लागत से इसे तैयार किया जाएगा। होली के खास मौके पर कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि शहर के लक्ष्मण बाग में एक ऐसा स्थान बनाया जा रहा है, जहां कानपुर की एक अलग पहचान बनाने के लिए इंदौर की तर्ज पर खाऊ गली बनाई जा रही है। पढ़िए पूरी खबर 6. इजराइल-ईरान युद्ध का कानपुर से चमड़ा एक्सपोर्ट पर असर; 2000 करोड़ के कारोबार प्रभावित होने की आशंका इजराइल और ईरान युद्ध का असर कानपुर लेदर इंडस्ट्री पर पड़ रहा है। सबसे ज्यादा खाड़ी देशों से जुड़े चमड़ा कारोबार पर प्रभाव पड़ेगा। इनमें ओमान और यूएई में बड़ी मात्रा में लेदर इंडस्ट्री से चमड़ा एक्सपोर्ट होता है। अनुमान है कि इस युद्ध की वजह से करीब 2000 करोड़ रुपए का चमड़ा कारोबार प्रभावित होगा। काउंसिल के रीजनल चेयरमैन असद कमाल ईराकी ने कहा- जिस तरह से ईरान पर हमला हुआ है, उसका सीधा असर हमारी इंडस्ट्री पर पड़ता दिख रहा है। क्योंकि अलग-अलग कई देशों में हमले शुरू हो गए हैं। वहां का एयर ट्रांसपोर्ट पूरी तरह से बंद हो गया है। इसका साफ तौर पर असर चमड़ा उद्योग पर पड़ेगा। पढ़िए पूरी खबर 7. कानपुर फर्जी डिग्री केस- SIT की रडार पर 4 एजेंट; इंदौर और मणिपुर में पुलिस की छापेमारी, एलएलबी और बीटेक की डिग्री मुहैया कराते थे कानपुर के फर्जी डिग्री और मार्कशीट बनाने वाले आरोपियों के संपर्क में रहे एजेंटों की तलाश में SIT को बड़ी सफलता हाथ लगी है। SIT को गिरोह के जुड़े 4 एजेंटों का पता लग गया है, जो हापुड़, शिकोहाबाद और लिंग्या यूनिवर्सिटी से डिग्री, मार्कशीट दिलाने का जिम्मा लेते थे। SIT के रडार में आने के बाद एजेंटों के इंदौर और मणिपुर में भागने की जानकारी मिली है, जिसके बाद टीमें उनकी तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। उनको जल्द ही हिरासत में लेकर पूछताछ की जा सकती है। पढ़िए पूरी खबर 8. IIT कानपुर को पूर्व छात्रों का रिकॉर्ड योगदान; 3 महीने में चार रीयूनियन से जुटे 137.6 करोड़; रिसर्च और एकेडमिक डेवलपमेंट में होंगे खर्च भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (IIT कानपुर) के पूर्व छात्रों ने अपने संस्थान के विकास के लिए दिल खोलकर गुरुदक्षिणा दी है। दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच आयोजित चार अलग-अलग बैचों के रीयूनियन समारोहों में संस्थान को कुल 137.6 करोड़ रुपये के दान की घोषणा हुई है। यह राशि संस्थान और उसके छात्रों के विकास के विभिन्न क्षेत्रों में खर्च की जाएगी। इस अवधि में 1986 बैच (40वीं वर्षगांठ), 2000 बैच (सिल्वर जुबली), 1976 बैच (गोल्डन जुबली) और 1990 बैच (कोरल जुबली) के पूर्व छात्र देश-विदेश से कानपुर पहुंचे और अपनी संस्था को सार्थक योगदान देकर एक नई मिसाल कायम की। पढ़िए पूरी खबर 9. कानपुर में गैस एजेंसी से सिलेंडर चोरी का खुलासा; सपा विधायक के गोदाम से 137 सिलेंडर चोरी हुए थे, 60 बरामद कानपुर के चौबेपुर कस्बे में बीते सप्ताह हुई एलपीजी सिलेंडर चोरी के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। सपा विधायक अमिताभ बाजपेई की एचपी गैस एजेंसी के गोदाम से चोरी हुए सिलेंडरों की बरामदगी के साथ पुलिस चोरों तक पहुंच गई है। यह घटना 24 फरवरी की रात बेला रोड स्थित गोदाम में हुई थी, जहां चोरों ने ताला तोड़कर 127 भरे, 7 खाली और 3 कॉमर्शियल सिलेंडर चोरी कर लिए थे। सुबह कर्मचारियों के पहुंचने पर घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पढ़िए पूरी खबर 10. कानपुर में पत्नी-देवर ने पति पर किया हमला; आपत्तिजनक हालत में देखने पर हंसिए से गर्दन पर वार, दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस ने भेजा जेल कानपुर के सजेती में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक वारदात सामने आई थी। एक पत्नी ने अपने देवर के साथ मिलकर पति पर हंसिए से जानलेवा हमला कर दिया था। आरोप है, कि गर्दन और चेहरे पर कई वार करने के बाद दोनों आरोपी उसे मरा समझकर लाही के खेत में छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी देवर और पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेशकर जेल भेजा है। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि मोहम्मदपुर गांव के रहने वाले सैलू की पत्नी संध्या का उसके देवर सुनील के साथ अवैध संबंध थे, मंगलवार दोपहर पति ने पत्नी और भाई को आपत्ति जनक हालत में देख लिया, जिसपर पत्नी ने देवर संग मिलकर पति के गर्दन पर हंसिए से कई बार कर मरा समझकर लाही के खेत में छोड़कर भाग गए थे। पढ़िए पूरी खबर


