कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:IIT में सेल्फी वाला समोसा, सोने से लदे किन्नर; अजय राय बोले- दरोगा के घर बुलडोजर कब चलेगा

नमस्कार, कानपुर में कल (बुधवार) की बड़ी खबरें…यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय बुधवार को अचानक कानपुर पहुंचे। सचेंडी में गैंगरेप पीड़िता के पिता से बात की। पिता के कंधे पर हाथ रखकर भरोसा दिया कि कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। वहीं बिल्हौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रही एक आशा कार्यकर्ता बेहोश हो गई। उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। IIT कानपुर में स्टूडेंट्स, टीचरों में समोसे के प्रति दिवानगी है। इस दीवानगी को पूरा करने के लिए एक इंजीनियर ने एक अनोखा समोसा बनाया। फिर हर प्रोफेसर की मेज पर एक समोसा पहुंचा दिया। इस समोसे के साथ लोग सेल्फी ले रहे हैं। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…। अब सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें 1. कानपुर गैंगरेप पीड़िता के पिता से मिले अजय राय:बोले- मेरे आने से पहले पुलिस बिटिया को जबरन ले गई, सरकार क्या छिपाना चाह रही यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय बुधवार को अचानक कानपुर पहुंचे। सचेंडी में गैंगरेप पीड़िता के घर आए। यहां पीड़िता के पिता से बात की। उन्हें पिता के कंधे पर हाथ रखकर भरोसा दिया कि कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। अजय राय ने कहा- 14 साल की लड़की के साथ एक दरोगा ने रेप किया। उसके बाद पुलिस ने आरोपी दरोगा को भागने का मौका दिया। पुलिस का आदमी है, कहां भाग कर जाएगा। पढ़ें पूरी खबर 2. बिल्हौर में धरना प्रदर्शन के दौरान आशा बेहोश:सीएचसी कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार का आरोप, हंगामा बिल्हौर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं में से एक आज बेहोश हो गईं। इस घटना के बाद अन्य आशा कार्यकर्ताओं ने सीएचसी कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। ठंड के कारण बेहोश हुई आशा कार्यकर्ता को तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र राजपूत ने स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। पढ़ें पूरी खबर 3. सोने-चांदी से लदे किन्नर रहे आकर्षक:कानपुर में देशभर से आए ट्रांसजेंडर, बोले- यजमान हमें ये गहने नेग देते हैं कानपुर में चल रहे किन्नर सम्मेलन में देश भर से हजारों किन्नर शामिल हो रहे हैं। उनका रहन-सहन और पहनावा हर किसी के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। महंगी साड़ियां और सोने-चांदी से लदे किन्नर कर किसी के सामने आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इस बारे में किन्नरों ने बताया कि यह समाज की खुशहाली का प्रतीक है। लोगों के घर में जब कोई खुशी आती है, शादी होती है या बच्चे का जन्म होता है। पढ़ें पूरी खबर 4. कानपुर में 24 घंटे में 3.4℃ गिरा तापमान:दिन में तेज धूप ने दी राहत, अमृत भारत 18 घंटे लेट आईं; रात की ठंड बढ़ी कानपुर शहर में गलन भरी ठंड ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। बुधवार सुबह कोहरा नहीं रहा, विजिबिलिटी सामान्य रही। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री गिरकर 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 5.4 डिग्री कम है। देर रात से चली सर्द हवाओं ने गलन को बढ़ाया। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। देर शाम एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 250 के पार पहुंच गया। पढ़ें पूरी खबर 5. कानपुर में युवक ट्रेन के आगे कूदा:पत्नी बोली- दो साल से बीमार थे, आंख से न दिखने पर परेशान रहते थे गोविंद नगर में दो साल से पैरालाइसिस की बीमारी से परेशान युवक ने दादानगर क्रासिंग पर ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। युवक मंगलवार शाम घर पर मोबाइल छोड़ कर निकल गया था। काफी देर बाद नहीं लौटा तो तलाश की गई, रेलवे ट्रैक पर देर रात उसका शव मिला। जेब में मिले वोटर कार्ड से शव की शिनाख्त हुई। मृतक की पत्नी ने बताया कि दाएं हिस्से में पैरालाइसिस होने के कारण पति को एक आंख से कम दिखाई देता था, जिससे वह परेशान रहते थे। पढ़ें पूरी खबर 6. गंगा घाट पर मकर संक्रांति पर उमड़ी भीड़:कानपुर में श्रद्धालुओं ने स्नान किया, सूर्य को अर्घ्य देकर दान दिया मकर संक्रांति के अवसर पर बुधवार सुबह कानपुर के सरसैया घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के से ही लोग गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचने लगे और श्रद्धा के साथ गंगा में डुबकी लगाकर सूर्य देव को अर्घ्य दिया। श्रद्धालुओं ने सूर्य नमस्कार भी किया। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, घाट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि नगर निगम कर्मी साफ-सफाई व्यवस्था में लगातार जुटे रहे। पढ़ें पूरी खबर 7. कानपुर IIT में सेल्फी वाला समोसा:मूंज की कटोरी में रखा गया, इंजीनियर ने समोसा शेप का पेपर वेट बनाया आईआईटी कानपुर नाम सुनते ही हाई-टेक लैब, रिसर्च और इनोवेशन की तस्वीर उभरती है, लेकिन इस बार चर्चा किसी रोबोट या सैटेलाइट की नहीं, बल्कि देसी समोसे की है। आईआईटी कानपुर में अब समोसा सिर्फ खाने की चीज नहीं रहा, बल्कि पेपर वेट बनकर सबका ध्यान खींच रहा है। आईआईटी कानपुर के रंजीत सिंह रोजी शिक्षा केन्द्र के असिस्टेंट प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित सिंह बताते हैं कि कैंपस में चाय-समोसे का जबरदस्त क्रेज है। स्टूडेंट्स हों या स्टाफ, चाय और समोसे के बिना दिन अधूरा लगता है। इसी देसी दीवानगी से समोसा शेप का पेपर वेट बनाने का आइडिया सामने आया। पढ़ें पूरी खबर 8. बिठूर में फर्नीचर दुकान में लगी आग:शॉर्ट सर्किट की आशंका, 40 लाख का सामान जला कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना बाजार में देर रात एक फर्नीचर की दुकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख गश्त कर रही पुलिस ने तत्काल दुकान मालिक और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पढ़ें पूरी खबर 9. DPS प्रिंसिपल नियुक्ति की जांच पर उठे सवाल:कानपुर नगर निगम की टीम कर रही जांच, विशेष सचिव ने CM ऑफिस को दी जानकारी कानपुर नगर निगम के डीपीएस इंटर कालेज नवाबगंज के प्रिंसिपल की नियुक्ति और प्रमोशन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। उनकी नियुक्ति और प्रमोशन को लेकर शिकायत की गई थी। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई थी। विभाग के अनुसार अभी यह जांच जारी है। लेकिन, शिकायतकर्ता ने फिर आरोप लगाया है कि जांच पूरी हो चुकी है। इसके बाद भी अधिकारी किसी दबाव के कारण मामले में कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इतना ही नहीं इस मामले में IGRS पर शिकायत करने के बाद भी प्रिंसिपल के मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर 10. HBTU में पैर से आलू साफ करने वाला मेस-कर्मचारी हटा:श्रीधराचार्य हास्टल की मेस कमेटी बदलेगी, वीसी ने जांच के लिए बनाई कमेटी हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) के श्रीधराचार्य हास्टल में पैरों में चप्पल पहनकर आलू साफ करने वाले कर्मचारी को हटा दिया गया। इसके अलावा मेस कमेटी का रिव्यू किया जा रहा है। डीन स्टूडेंट वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) प्रो. सीएल गहलोत ने बताया कि मेस कमेटी को बदला जाएगा। इसके अलावा वीसी प्रो. समशेर ने हास्टल की समस्याओं को लेकर एक कमेटी का गठन किया है। वह कमेटी हास्टल की समस्याओं की जांच करके वीसी को रिपोर्ट सौंपेंगी। पढ़ें पूरी खबर

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *