हरियाणा में मौसम विभाग ने सोमवार को उत्तरी हरियाणा के चार जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कैथल, करनाल, अंबाला और कुरुक्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है, जबकि शीतलहर चलने की संभावना नहीं जताई गई है। पिछले दो से तीन दिनों से प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। कई इलाकों में हल्के बादल छाए हुए हैं तो कहीं कोहरा पड़ रहा है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को कोहरे का असर केवल उत्तरी हरियाणा के चार जिलों तक ही सीमित रहेगा। वहीं 22 जनवरी से प्रदेश में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते बारिश हो सकती है। 16 शहरों का अधिकतम तापमान 20 डिग्री पहुंचा जनवरी आधी बीत जाने के बाद अब तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाने लगी है। प्रदेश के सभी जिलों में न्यूनतम व अधिकतम दोनों ही तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। जिसके कारण कई जगह अधिकतम तापमान 20 डिग्री के पार भी हो गया है। करनाल के इंद्री में रविवार को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा। इसके अलावा प्रदेश के 16 शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री से अधिक रहा। मौसम विभाग ने आगामी तीन से चार दिनों तक तापमान बढ़ने की संभावना जताई है। वहीं मौसम विभाग ने पूरे हरियाणा में शीत लहर नहीं चलने का अनुमान भी लगाया है। विभाग के अनुसार इस सप्ताह कहीं पर भी शीतलहर नहीं चलेगी। इससे लोगों को ठंड का एहसास कम होगा। 22 जनवरी से बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 22 जनवरी से मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। जिसके चलते प्रदेश में कुछ स्थानों पर 22 जनवरी से 24 जनवरी तक गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।


