फिल्म यादवजी की लव स्टोरी से संबंधित एक याचिका पर आज लखनऊ हाईकोर्ट में सुनवाई होगी।गोंडा जिले के मनकापुर निवासी पूर्व विधायक राम विष्णु आजाद के पुत्र और हाईकोर्ट अधिवक्ता विजय कुमार आजाद ने शिवम यादव की तरफ से यह याचिका दाखिल की है। यह सुनवाई लखनऊ हाईकोर्ट की डबल बेंच द्वारा कोर्ट नंबर तीन में की जाएगी। मामले को सुनने के लिए कोर्ट द्वारा 288 नंबर पर सूचीबद्ध किया गया है। जस्टिस शेखर बी सराफ और मंजीव शुक्ला की डबल बेंच इस पूरे मामले पर सुनवाई करेगी। इससे पहले, 10 मार्च और 27 फरवरी को भी इस याचिका पर सुनवाई होनी थी, लेकिन किन्हीं कारणों से सुनवाई नहीं हो पाई थी। अधिवक्ता विजय कुमार आजाद ने कोर्ट से जल्द से जल्द फैसला लेते हुए फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने अपनी रिट याचिका में तर्क दिया है कि फिल्म की विषय वस्तु को लेकर समाज में गंभीर तनाव का माहौल बना हुआ है।आजाद ने कहा कि लगातार फिल्म का विरोध प्रदर्शन हो रहा है और लोग इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, फिल्म की रिलीज पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए ताकि समाज में तनाव की स्थिति न पैदा हो और किसी समुदाय के व्यक्ति को अपमानित होने का मौका न मिले। अधिवक्ता विजय आजाद ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के साथ-साथ फिल्म के प्रोड्यूसर अंकित भड़ाना और उनकी कंपनी को भी याचिका में पार्टी बनाया है। विजय कुमार आजाद ने कहा कि हमें उम्मीद है की सुनवाई करके कोर्ट द्वारा कोई ना कोई फैसला लिया जाएगा।


