शाजापुर | पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव शुक्रवार को शाजापुर पहुंचे। यहां जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष जयंत सिंह सिकरवार के निवास पर हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। सरकार की नीतियों के कारण किसान, युवा, व्यापारी और कर्मचारी सभी त्रस्त हैं। यादव ने कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा में हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर डाली। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी सरकार जिम्मेदारी लेने से बच रही है। राज्यसभा को लेकर पूछे गए सवाल पर यादव ने कहा कि दिग्विजय सिंह के सीट खाली करने और नए दावेदार का निर्णय उनके नियंत्रण से बाहर है। उन्होंने खुद को दावेदारी से बाहर बताया। प्रदेश में लंबे समय से सहकारी समितियों के चुनाव नहीं होने को लेकर यादव ने कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। सरकार जानबूझकर चुनाव टाल रही है ताकि अपने लोगों को फायदा पहुंचाया जा सके। पत्रकार वार्ता के दौरान वीरेंद्र सिंह गोहिल, रामवीर सिंह सिकरवार, नरेश्वर प्रताप सिंह, विनीत दीक्षित, दीपक निगम, विनीत वाजपेयी, विपुल दीक्षित सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित थे।


