WPL 2026 GG vs UPW: मेग लैनिंग और एश्ले गार्डनर होंगी आमने-सामने, किसका पलड़ा रहेगा भारी?

WPL 2026 GG vs UPW: मेग लैनिंग और एश्ले गार्डनर होंगी आमने-सामने, किसका पलड़ा रहेगा भारी?

WPL 2026 GG vs UPW Match 2: आज, 10 जनवरी को वुमेन्स प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का दूसरा मैच गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स के बीच डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकेडमी, नवी मुंबई में 3:30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह इस सीजन की पहली जीत हासिल कर सीजन की अच्छी शुरुआत करने का मौका है। पिछले सीजन से इस सीजन में दोनों फ्रेंचाइजियों ने टीम में बड़े बदलाव किए हैं और टीमें नए कॉम्बिनेशन को आजमाना चाहेंगी। गुजरात जायंट्स की कमान ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ी एश्ले गार्डनर के हाथों में है, वहीं यूपी वॉरियर्स की कप्तानी पूर्व ऑस्ट्रेलियन कप्तान मेग लैनिंग करेंगी। अब देखना यह होगा कि कौन किस पर भारी पड़ता है।

गुजरात की बल्लेबाजी है मजबूत

गुजरात जायंट्स ने 2025 में प्लेऑफ तक का सफर तय किया था और इस बार भी उनकी बल्लेबाजी खासी भरोसेमंद दिखाई दे रही है। कप्तान एश्ले गार्डनर के नेतृत्व में टीम विदेशी खिलाड़ियों जैसे बेथ मूनी और सोफी डिवाइन पर भरोसा करेगी, जिनकी टी20 में बड़े शॉट्स लगाने की क्षमता मैच का रुख बदल सकते हैं। मूनी ने डब्ल्यूपीएल के पिछले सीजन में बेहतरीन रन बनाए थे, आज के मैच में भी उनसे उम्मीद रहेगी। उनके अलावा जॉर्जिया वेयरहैम जैसी ऑलराउंडर भी टीम को संतुलन देंगी। हालांकि, भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया चोटिल होने के कारण पूरे सीजन से बाहर हो चुकी हैं, जो गुजरात के लिए चिंता का विषय है। गेंदबाजी में इस सीजन रेणुका सिंह गुजरात की ओर से खेलती हुई नजर आएंगी।

यूपी की टीम है संतुलित

यूपी वॉरियर्स के पास इस सीजन टीम में संतुलन है जिससे वे शुरुआत से दबाव बना सकते हैं। टीम की कमान अनुभवी मेग लैनिंग के हाथों में है, जिनका अनुभव यूपी को नई दिशा दे सकता है। इनके अलावा यूपी के पास डिएंड्रा डॉटिन, सोफी एक्लेस्टोन और दीप्ति शर्मा जैसे ऑलराउंडर मौजूद हैं, जो मैच को प्रभावित कर सकता है। यूपी वॉरियर्स एक्लेस्टोन की गेंदबाजी पर भी निर्भर रहेगी।

संभावित प्लेइंग इलेवन

गुजरात जायंट्स: बेथ मूनी (विकेटकीपर), सोफी डिवाइन, भारती फुलमाली, एश्ले गार्डनर (कप्तान), जॉर्जिया वेयरहैम, कनिका आहूजा, आयुषी सोनी, काशवी गौतम, तनुजा कंवर, तितास साधु, रेणुका सिंह।

यूपी वॉरियर्स: मेग लैनिंग (कप्तान), किरण नवगिरे, हरलीन देओल, फोएबे लिचफील्ड, श्वेता सहरावत (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, डिएंड्रा डॉटिन, सोफी एक्लेस्टोन, आशा शोभना, शिखा पांडे, क्रांति गौड़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *