रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में एक यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में हुए चाकूबाजी हमले में चार भारतीय छात्रों समेत कम से कम छह लोग घायल हो गए। यह घटना शनिवार को उफा शहर की स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में हुई। भारतीय दूतावास ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक किशोर हाथ में चाकू लेकर यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में घुसा और वहां रह रहे छात्रों पर हमला कर दिया। रूसी गृह मंत्रालय ने बताया कि हमले में कई छात्रों को चाकू मारा गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस का भी विरोध किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क के अनुसार, आरोपी ने खुद को भी चोट पहुंचाई है। भारतीय दूतावास ने कहा कि इस हमले में चार भारतीय छात्र भी घायल हुए हैं। दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी उफा के लिए रवाना हो गए हैं, ताकि घायल छात्रों को मदद दी जा सके। रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हमले में घायल चार लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें से एक की हालत गंभीर है, जबकि तीन की स्थिति स्थिर लेकिन मध्यम बताई गई है। हमलावर की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उफा प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। टेलीग्राम चैनल बाज़ा के मुताबिक, आरोपी एक प्रतिबंधित नियो-नाजी संगठन से जुड़ा बताया जा रहा है। दावा किया गया है कि हमले के दौरान वह राष्ट्रवादी नारे लगा रहा था। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हॉस्टल परिसर में चारों ओर खून फैला हुआ था। टीवी चैनल रेन-टीवी ने एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल ले जाते हुए फुटेज भी दिखाया है।
वर्ल्ड अपडेट्स:रूस में यूनिवर्सिटी हॉस्टल में चाकूबाजी, 4 भारतीय छात्रों समेत 6 घायल; 15 साल का आरोपी गिरफ्तार


