वर्ल्ड अपडेट्स:अफगान तालिबान का आरोप- पाकिस्तान ने कंधार एयरपोर्ट के पास फ्यूल डिपो पर बमबारी की

वर्ल्ड अपडेट्स:अफगान तालिबान का आरोप- पाकिस्तान ने कंधार एयरपोर्ट के पास फ्यूल डिपो पर बमबारी की

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अफगान तालिबान का दावा है कि पाकिस्तान ने कंधार एयरपोर्ट के पास एक एयरलाइन के फ्यूल डिपो पर बमबारी की है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के मुताबिक, यह हमला प्राइवेट एयरलाइन ‘काम एयर’ के फ्यूल डिपो पर किया गया, जो सिविलियन विमानों और UN के विमानों को भी फ्यूल सप्लाई करता है। तालिबान ने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने अन्य जगहों, जिनमें राजधानी काबुल भी शामिल है पर बमबारी की। इन हमलों में महिलाओं और बच्चों के मारे जाने की भी बात कही गई है। दोनों देशों के बीच संघर्ष पिछले महीने शुरू हुआ था, जब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में एयर स्ट्राइक की थी। पाकिस्तान का कहना था कि यह हमले आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए थे, जबकि अफगानिस्तान ने इसे अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया था। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें अमेरिका में भारतीय मूल के दो भाइयों को 835 साल तक की सजा, मेडिकल घोटाले में दोषी अमेरिका में भारतीय मूल के दो भाइयों को धोखाधड़ी के मामले में 835 साल जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिका के पेनसिल्वेनिया के रहने वाले भास्कर सवानी और अरुण सवानी पर आरोप है कि उन्होंने हेल्थकेयर और H-1B वीजा से जुड़े कई घोटाले किए। मामले में उनकी सहयोगी अलेक्जेंड्रा ओला राडोमिक भी दोषी पाई गई हैं। अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट के मुताबिक दोनों भाइयों ने करीब 10 साल तक कंपनियों और डेंटल क्लीनिक का नेटवर्क बनाकर धोखाधड़ी की। उन्होंने ‘मेडिकेड’ से 3 करोड़ डॉलर (करीब 250 करोड़ रुपए) से ज्यादा की ठगी की और ऐसे इलाज के बिल भी लगाए जो किए ही नहीं गए थे। आरोप है कि उन्होंने बिना मंजूरी वाले डेंटल इम्प्लांट भी लगाए। साथ ही H-1B वीजा के जरिए विदेशों, खासकर भारत से कर्मचारियों को बुलाने के लिए फर्जी आवेदन किए और कई कर्मचारियों से सैलरी का हिस्सा वापस लेने के लिए दबाव डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *