सीतापुर में महिला दिवस पर महिला पुलिसकर्मियों का सम्मान:4 उपनिरीक्षकों, 33 आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र; SP ने कहा- महिलाओं में देवताओं का वास

सीतापुर में महिला दिवस पर महिला पुलिसकर्मियों का सम्मान:4 उपनिरीक्षकों, 33 आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र; SP ने कहा- महिलाओं में देवताओं का वास

सीतापुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में रविवार शाम आयोजित एक कार्यक्रम में महिला पुलिस कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए 04 महिला उपनिरीक्षकों और 33 महिला आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में सदर चौकी इंचार्ज स्वाति चतुर्वेदी और तामसेनगंज चौकी प्रभारी पूजा कटियार समेत कई महिला पुलिसकर्मियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला पुलिस कर्मियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है, बल्कि समाज में महिलाओं के लिए प्रेरणा का भी कार्य किया है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शास्त्रों में भी कहा गया है— “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः”, अर्थात जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि जब किसी महिला को शिक्षा और सशक्तिकरण का अवसर मिलता है, तो उसका प्रभाव केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि आने वाली कई पीढ़ियों को बेहतर भविष्य मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिन मनाने का अवसर नहीं, बल्कि यह समानता, न्याय और महिला सशक्तिकरण की एक विचारधारा है। जब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बनती हैं, तो पूरा समाज और देश प्रगति करता है। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों से आह्वान किया कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समानता के लिए केवल एक दिन नहीं बल्कि वर्ष के हर दिन प्रयास किए जाने चाहिए। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *