बेंगलुरु के नेलमंगला में 70 साल की एक महिला की घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय उनका पैरालाइज्ड पति बिस्तर पर उनके पास ही लेटा था। वहीं आरोपी करीब 65 लाख रुपए के सोने के गहने लूटकर फरार हो गया। मृतका शोभा अपने पति रंगनाथ के साथ कोटे बेदी इलाके में रहती थीं। दंपती की कोई संतान नहीं थी। रंगनाथ पिछले 15 साल से पैरालाइज्ड और बिस्तर पर हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब रंगनाथ को फिजियोथेरेपी देने पहुंचे डॉक्टर ने शोभा का खून से लथपथ शव बिस्तर पर पड़ा देखा। CCTV में रात 1:03 बजे घर में घुसता दिखा आरोपी पुलिस के अनुसार, CCTV में आरोपी शिवकुमार रात करीब 1:03 बजे घर में दाखिल हुआ और शोभा का गला रेत दिया। वारदात के समय उनका पति पास ही लेटा था। हालांकि, वे घटना से अनजान रहे। पुलिस जांच में सामने आया कि शोभा ज्वेलरी कारोबारी की बेटी थीं और घटना के समय उन्होंने काफी सोने के गहने पहन रखे थे। आरोपी ने हत्या के बाद घर में कैश की तलाशी ली आरोपी ने हत्या के बाद घर में नकदी की तलाश की। नकदी नहीं मिलने पर उसने उनकी चेन, कंगन और अन्य गहने उतार लिए। शोभा ने करीब 450 ग्राम सोने के गहने पहले थे, जिनकी कीमत लगभग 65 लाख रुपए आंकी गई है। CCTV फुटेज में आरोपी को घटना के बाद मोटरसाइकिल से भागते देखा गया। आरोपी भीड़ में दर्शक बनकर घटनास्थल पर दोबारा आया था पुलिस ने आसपास लगे कैमरों से बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर ट्रेस किया। सूत्रों के अनुसार, शिवकुमार शुरुआती पुलिस जांच के दौरान भीड़ में आम दर्शक बनकर घटनास्थल पर लौटा था। बाद में वह शक से बचने के लिए अपनी एक्टिवा स्कूटर से घर गया। पुलिस ने स्कूटर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या किसी और की भी इस वारदात में संलिप्तता है। बरामद गहनों का सत्यापन और रिकवरी की प्रक्रिया जारी है।
बेंगलुरु में पैरालाइज्ड पति के सामने महिला का गला काटा:65 लाख के गहने लूटे; फिजियोथेरेपी के लिए आए डॉक्टर ने देखी लाश


