कानपुर के पनकी क्षेत्र में सोशल मीडिया आईडी हैक कर महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पनकी क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी हैक कर ली है। इसके बाद आरोपी उनकी आईडी का दुरुपयोग करते हुए अश्लील फोटो व वीडियो पोस्ट कर रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। अश्लील पोस्ट पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा पीड़िता के अनुसार, हैकर ने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर उनके और उनके पति के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिए हैं, जिससे लगातार अज्ञात कॉल आ रही हैं। फोन करने वाले लोग बेहद आपत्तिजनक और अभद्र बातें कर रहे हैं, जिससे महिला और उसका परिवार मानसिक तनाव में है। महिला ने आशंका जताई है कि यह हरकत जानबूझकर उनकी सामाजिक छवि खराब करने और उन्हें परेशान करने के उद्देश्य से की जा रही है। वही शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। डीसीपी वेस्ट कासिम आब्दी ने बताया कि साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया अकाउंट हैक करने वाले आरोपी की पहचान की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।


