बस की टक्कर से कार सवार महिला की मौत:औरैया में ओवरटेक करते समय पलटने से हुआ हादसा, पति और बेटे को आई चोट

बस की टक्कर से कार सवार महिला की मौत:औरैया में ओवरटेक करते समय पलटने से हुआ हादसा, पति और बेटे को आई चोट

औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। फौजी ढाबा के पास तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक करते समय एक कार को टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। मृतका की पहचान प्रीति सिंह पत्नी ओमपाल सिंह भदौरिया के रूप में हुई है। वह अपने पति ओमपाल सिंह और पुत्र प्रखर प्रताप सिंह के साथ कार से औरैया से फिरोजाबाद जा रही थीं। प्रीति अपने मायके औरैया आई हुई थीं, जहां वह अपनी बहन के यहां पुत्र जन्म के अवसर पर आई थीं। हादसे के समय वह अपने परिवार के साथ ससुराल लौट रही थीं। उनका परिवार वर्तमान में मध्य प्रदेश के रीवा में रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फौजी ढाबा के पास पीछे से आ रही एक बस ने तेजी से ओवरटेक करने का प्रयास किया और कार को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में प्रीति सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके पति और पुत्र को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल प्रीति सिंह को तत्काल औरैया के 50 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। मृतका के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। मृतका के भाई मनीष भदौरिया ने बताया कि उनकी बहन कुछ दिन पहले ही मायके आई थी और अब अपने परिवार के साथ वापस लौट रही थी। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *