लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित स्वप्न लोक कॉलोनी में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 40 वर्षीय पुनीता पाठक ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने फंदे पर लटकी अपनी फोटो व्हाट्सएप के जरिए पति सतीष पाठक को भेजी। फोटो देखते ही सतीष के हाथ-पैर फूल गए। वह दौड़ते हुए घर पहुंचे, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर पुनीता का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सतीष ने लोगों की मदद से पत्नी को तत्काल राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बिहार के गोपालगंज के रहने वाले हैं पति-पत्नी मूल रूप से बिहार के गोपालगंज निवासी सतीष पाठक टाटा टेल्को में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं और परिवार के साथ चिनहट में रहते थे। दंपती के दो बच्चे हैं—बेटा शिखर और बेटी शगुन। शादी की खरीदारी के बाद बढ़ा विवाद सतीष के मुताबिक 5 फरवरी को पत्नी की भतीजी की शादी है। सोमवार को दोनों साथ में खरीदारी करने गए थे। रात में शराब पीकर घर लौटने पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसी दौरान बेटा बाथरूम के बाहर फिसलकर गिर गया, जिससे उसके हाथ में चोट लग गई। डॉक्टर को दिखाने की बात पर पति-पत्नी के बीच नोकझोंक हुई। किसी तरह रात गुजर गई। सतीष ड्यूटी पर चले गए। कुछ देर बाद दोनों बच्चे स्कूल निकल गए और घर पर पुनीता अकेली थीं। दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने पति को फंदे पर लटकी अपनी फोटो भेजी। पारिवारिक कलह की आशंका इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि महिला के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है। फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण पारिवारिक कलह माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।


