लखीमपुर खीरी जिले के उत्तर निघासन वन रेंज क्षेत्र में बाघ के हमले से एक महिला की मौत हो गई। यह घटना शनिवार देर शाम भिड़ौरी ग्राम पंचायत के महराज नगर गांव के पास हुई, जब महिला गन्ने के खेत में चारा लेने गई थी। बाघ महिला को खेत के अंदर खींच ले गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से रातभर ड्रोन कैमरे की मदद से महिला की खोजबीन की गई। रविवार सुबह गन्ने के खेत से महिला का अधखाया शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने बाघ को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है। मृतक महिला की पहचान ऊषा देवी (35) पत्नी पवन कुमार के रूप में हुई है। वह अपनी पड़ोसन गूंधनी देवी पत्नी छैलबिहारी के साथ मवेशियों के लिए चारा काटने गई थीं। गूंधनी देवी के अनुसार, खेत में छिपे बाघ ने अचानक ऊषा देवी पर हमला कर दिया और उन्हें खींचकर अंदर ले गया। इस घटना को देखकर गूंधनी देवी वहां से भाग निकलीं। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और महिला की तलाश में जुट गए। उत्तर निघासन वन रेंज के रेंजर भूपेंद्र सिंह ने पुष्टि की कि महिला का शव बरामद कर लिया गया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।


