बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र से एक महिला और उसके दो मासूम बच्चे रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि नौकरी दिलाने के बहाने उनकी बेटी और बच्चों को ले जाकर बेच दिया गया है या उनकी हत्या कर शव गायब कर दिए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह शिकायत सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर मथुरा निवासी मैकी ने दर्ज कराई है। मैकी ने बताया कि उनकी बेटी ननकई की शादी मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के मालमोहारा गांव के विक्रम से हुई थी। ननकई के तीन बच्चे हैं, जिनमें शोभित (7 वर्ष), आदित्य (5 वर्ष) और शिवांश (3 वर्ष) शामिल हैं। ननकई के पति विक्रम मजदूरी के लिए पंजाब में रहते हैं। मैकी के अनुसार, ननकई के पड़ोसी इंदर यादव (पुत्र रामसेवक, निवासी मालमोहारा) और उसके रिश्तेदार दिलीप (निवासी बबुरिहा, थाना चिनहट, लखनऊ) ने ननकई को लखनऊ में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। आरोप है कि 30 नवंबर 2025 को इंदर यादव ननकई को उसके दो बच्चों आदित्य और शिवांश के साथ लखनऊ ले गया। शुरुआती दिनों में इंदर यादव ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से परिवार से संपर्क बनाए रखा और ननकई को काम मिलने का आश्वासन देता रहा। हालांकि, बाद में उसने ननकई से बात कराने में टालमटोल शुरू कर दी। अब काफी समय से ननकई और उसके बच्चों से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है, और न ही उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी मिल पाई है। मैकी ने आशंका व्यक्त की है कि ननकई और बच्चों को नौकरी दिलाने के बहाने बेच दिया गया है या उनके साथ कोई अनहोनी हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थाने में सूचना देने के बावजूद शुरुआत में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया है कि महिला और बच्चों की बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, और मामले की गंभीरता से जांच जारी है।


