मैनपुरी में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:भाई ने बहनोई पर हत्या का आरोप लगाया, शराब पीकर करता था मारपीट

मैनपुरी में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:भाई ने बहनोई पर हत्या का आरोप लगाया, शराब पीकर करता था मारपीट

कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नगला टाल, सोतियाना मोहल्ले की है। यहां 26 वर्षीय रानी, पत्नी पवन कुमार, का शव उसके घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और जांच शुरू की। मृतका के भाई विजेंद्र कुमार, निवासी नगला केहरी, थाना बेवर, ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। विजेंद्र के अनुसार, रानी पिछले कई दिनों से फोन पर बता रही थी कि उसका पति और ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि घर के पास रहने वाला एक युवक, जिसे ‘फौजी’ के नाम से जाना जाता है, अक्सर उनके बहनोई पवन को शराब पिलाता था। शराब के नशे में पवन रानी के साथ मारपीट करता था। परिजनों का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले भी रानी ने फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी। तब परिवार वालों ने उसे थाने जाने की सलाह दी थी। विजेंद्र ने अपने बहनोई पवन, उसके साथी ‘फौजी’ और अन्य ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद से मृतका के मायके में शोक का माहौल है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि उन्हें महिला का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *